अभी पूरे देश में कोरोना महामारी की वजह से लॉकडाउन लगा हुआ है। आज लॉकडाउन का 27वां दिन है। आज से केंद्र सरकार कुछ शर्तों के साथ कुछ छूट देनी वाली थी। इसके लिए गृह मंत्रालय ने गाइडलाइन जारी की थी। लेकिन केरल सरकार ने इसको दरकिनार करते हुए बहुत से चीजों की छूट दे दी है। इसी के साथ अब सियासत भी शुरू हो गई है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने इस पर आपत्ति जाहिर करते हुए केरल समेत बाकी राज्यों को की अनदेखी नहीं करने के निर्देश दिए है।
साथ ही केंद्र सरकार ने साफ कहा है, “कोरोनो वायरस के प्रकोप को नियंत्रित करने के लिए देशव्यापी लॉकडाउन को गृह मंत्रालय की ओर से जारी गाइडलाइंस को राज्य और केंद्रशासित प्रदेश कमजोर नहीं कर सकते। राज्य देशव्यापी लॉकडाउन की अवधि के दौरान अपने हिसाब से गतिविधियों की इजाजत नहीं दे सकते।”
केंद्र शासित प्रदेशों और राज्यों को लिखी गई चिट्ठी में केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने कहा है, “सिर्फ उन्हीं गतिविधियों/सेवाओं को संचालन की अनुमति दी जाती है, जिसकी इजाजत केंद्र सरकार ने अपनी दिशा-निर्देशों में दी है। कुछ राज्यों ने खुद से आर्थिक गतिविधियों की अपनी लिस्ट बनाई और आज से COVID-19 के लॉकडाउन प्रतिबंधों में छूट की घोषणा की है।”
सभी राज्य करें लॉकडाउन का पालन
केंद्रीय गृह सचिव अजय भल्ला ने इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट की ओर से पिछले महीने जारी किए गए निर्देश का भी जिक्र करते हुए कहा, “यह ध्यान में आया है कि कुछ राज्य/ केंद्र शासित प्रदेश आदेश जारी कर उन गतिविधियों की भी इजाजत दे रही है, जो डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट 2005 के अंतर्गत जारी किए गए दिशा-निर्देशों में शामिल नहीं हैं। ऐसा करके वे सुप्रीम कोर्ट के आदेशों का उल्लंघन भी कर रहे हैं। मैं फिर से आपसे अनुरोध करूंगा कि संशोधित समेकित दिशा-निर्देशों का पालन किया जाए। सभी राज्य गाइडलाइन को सख्ती से लागू करें। लॉकडाउन का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए।”
Union Home Secy Ajay Bhalla, in a letter dated 19 April 2020, has asked Chief Secretaries of all states/UTs drawing their attention to the guideline that state/UTs govts shall not dilute the guidelines under Disaster Mgmt Act, 2005 in any manner & shall strictly enforce the same. pic.twitter.com/gQehWI1XF0
— ANI (@ANI) April 20, 2020
इसके बाद केरल सरकार में मंत्री कड़कम्पल्ली सुरेंद्रन ने इस पर सफाई देते हुए कहा, ” हमने केंद्र की ओर से जारी निर्देशों का पालन करते हुए यह छूट दी है। कुछ गलतफहमी के कारण केंद्र ने स्पष्टीकरण मांगा है। एक बार जब हम स्पष्टीकरण दे देते हैं, मुझे उम्मीद है कि समस्या हल हो जाएगी। साथ ही हमने केंद्र द्वारा निर्धारित सभी मानदंडों का पालन किया है और आगे भी ऐसा ही करेंगे।”
अभी पूरे देश में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की तादाद 17 हजार के पार कर गई है। जबकि 2302 लोग अब तक स्वस्थ हो चुके हैं। इसके साथ ही देश में महामारी से संक्रमित कुल रोगियों की संख्या 17265 हो गई है। इससे 543 लोगों की मौत हो गई है।

