कोरोना काल के बीच खेले जा रहे अमेरिका के न्यूयॉर्क में टेनिस ग्रैंड स्लैम यूएस ओपन में भारत के शीर्ष टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल ने अपने करियर में पहली बार ग्रैंड स्लैम मैच में जीत हासिल की है। उन्होंने अमेरिकी खिलाड़ी ब्रैडले क्लान को अमेरिकी ओपन के पहले दौर में 6-1, 6-3, 3-6, 6-1 से मात देकर जीत दर्ज की है।
124वीं रैकिंग के सुमित नागल अब दूसरे दौर में वर्ल्ड नंबर-3 ऑस्ट्रेलिया के डोमिनिक थीम का सामना कल 3 सितंबर को करेंगे। भारत के युवा टेनिस खिलाड़ी सुमित नागल को अमेरिकी ओपन सिंगल्स के मुख्य ड्रॉ में सीधे प्रवेश मिला था।
नागल ने 1 घंटा 27 मिनट तक चले इस मुकाबले में ब्रैडले को मात दी। नागल ने यूएस ओपन के अलावा अब तक कोई ग्रैंड स्लैम नहीं खेला है, जबकि वर्ल्ड नंबर-129 ब्रैडले चारों ग्रैंड स्लैम खेल चुके हैं, लेकिन वह दूसरे राउंड से आगे नहीं बढ़ पाए हैं।
सात साल बाद यह पहला मौका है जब किसी भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी ने यूएस ओपन में कोई मैच जीता है। उनसे पहले 2013 में सोमदेव देववर्मन ने यह उपलब्धि हासिल की थी।
पिछले साल नागल ने पहली बार यहां खेलते हुए रोजर फेडरर के खिलाफ मुकाबले में पहला सेट (6-4) स से जीता था। हालांकि इसके बाद स्विस स्टार ने सुमित को वापसी करने का मौका नहीं दिया। फेडरर ने अगले तीन सेट 6-1, 6-2, 6-4 से जीतकर मुकाबले में अपनी प्रतिष्ठा बचाई थी।

