राजस्थान की राजनीति में पल-पल सियासी समीकरण बदल रहे हैं। अभी तक भाजपा पर अपनी सरकार को अस्थिर करने और खरीद फरोख्त करने का सिर्फ आरोप लगाने वाली कांग्रेस ने अब सबूत पेश करके बीजेपी की घेराबंदी कर दी है। यही नहीं बल्कि कांग्रेस ने राजस्थान में ऑडियो टेप जारी कर दिए हैं।
जिनमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और भाजपा के एक विधायक के साथ ही कांग्रेस के एक बागी विधायक की बातचीत को आधार बनाकर एसओजी ने रिपोर्ट दर्ज करा दी है। जिसमें केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत पर जयपुर में एफआईआर दर्ज कर दी गई है। जबकि कांग्रेस ने अपने दो बागी विधायकों को सजा के तौर पर पार्टी से निलंबित कर दिया है।
यह दोनों विधायक सचिन पायलट के खेमे के है। हालांकि, अभी कुछ ही देर में हाईकोर्ट में सचिन पायलट सहित 19 बागी विधायकों की अयोग्य करार देने वाले नोटिस पर सुनवाई है। जिसमें पायलट और उनके समर्थक विधायकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।

ताजा घटनाक्रम के अनुसार कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कांग्रेस के ही बागी विधायक भंवर लाल शर्मा और भाजपा नेता संजय जैन की बातचीत से जुड़े कई टेप जारी किए हैं। यह बातचीत 3 भागों में जारी की गई है। जिसमें भाजपा विधायक संजय जैन और भंवर लाल शर्मा के साथ ही भाजपा के केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत की भी आवाज बताई जा रही है।
हालांकि केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने यह कहकर कांग्रेस की बात को खारिज कर दिया है कि वह उन पर झूठा आरोप लगा रही है। शेखावत ने कहा है कि राजस्थान में ना जाने कितने गजेंद्र है। इसी के साथ ही भाजपा ने कांग्रेस के इस टेप कांड का फर्जी करार दिया है। बीजेपी के राजस्थान प्रदेश अध्यक्ष सतीश पूनिया ने कहा है कि सीएम हाउस फर्जी ऑडियो जारी करने का केंद्र बन गया है। जो तरह तरह के फर्जीवाड़े कर रहा है लेकिन बीजेपी उनके फर्जीवाड़े में हंसने वाले नहीं है।

