Country

तेजप्रताप के विवादित बोल, कहा नीतीश कुमार-सुशील मोदी को अपने नाम में अब कुमारी लगा लेना चाहिए

तेजप्रताप के विवादित बोल, कहा नीतीश कुमार-सुशील मोदी को अपने नाम में अब कुमारी लगा लेना चाहिए

राजद सुपीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप बुधवार को सीएए, एनआरसी विरोधी एक रैली में शामिल हुए थे जिसमें नीतीश कुमार और सुशील कुमार मोदी पर उन्होंने आपत्तीजनक टिप्पणी की। तेज प्रताप ने कहा कि वे दोनों अपने नाम में कुमार के जगह कुमारी लगा लें। तेज प्रताप यादव ने कहा, ”मेरे पिता ने उनका नाम पलटूराम रखा था, इसलिए मैं कहता हूं कि नीतीश कुमार अब नीतीश कुमारी हैं और ‘भगवा झंडा’ वाले सुशील कुमार मोदी अब सुशील ‘कुमारी’ मोदी हैं। उनमें हमारे सामने आने की हिम्मत नहीं है इसलिए घर पर चूड़ियां पहन कर बैठे हैं।”

तेज प्रताप इतने में ही नहीं रुके। नीतीश कुमार को लेकर उन्होंने कहा कि उन्होंने (नीतीश कुमार) तो मेरे पिता लालू यादव को तो धोखा दिया। पहले कहा कि हम बूढ़े हो चले हैं और अब सत्ता तो बच्चों को संभालना चाहिए। लेकिन, जैसे ही वो देखे कि लालू का दोनों बेटा आगे बढ़ रहा है। उन्होंने हाथ ही खींच लिया और फिरकापरस्त ताकतों के साथ साजिश रचकर झूठे मुकदमे में लालू को फंसाकर जेल भिजवाया।

उन्होंने आगे कहा कि अगर आज लालू यादव जेल से बाहर होते तो किसी की इतनी हिम्मत नहीं थी कि देश में लोकतंत्र और संविधान विरोधी एनआरसी, सीएए और एनपीआर लागू करवाता। कुछ नेता तो ऐसे भी हैं जो बाहर से इसका विरोध करते हैं और संसद में जाकर हां में हां मिला देते हैं। केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार का चेहरा अब बेनकाब हो चुका है। आगामी चुनाव में वोट के चोट से जनता अब इन सबको धूल चटाएगी।

तेजप्रताप की इन टिप्पणियों से भाजपा प्रवक्ता निखिल आनंद ने तेजप्रताप को माफी मांगने के लिए कहा। उन्होंने तेजप्रताप को उनकी पत्नी द्वारा लगाए गए घरेलू हिंसा के आरोपों की याद दिलाई। आपको बता दें कि तेजप्रताप की शादी राजद विधायक चंद्रिका राय की पुत्री ऐश्वर्या राय से मई 2018 में शादी हुई थी। लेकिन छह माह बाद ही तलाक के लिए याचिका दायर की गई।

आनंद ने इस पर तंज करते हुए कहा कि तो क्या तेज प्रताप यह कहना चाहते हैं कि जिनके नाम के साथ कुमारी लगा होता है और जो चूड़ियां पहनती हैं, क्या वे सम्मान के हकदार नहीं हैं? उनकी अभद्र टिप्पणियों और उस पर उनके समर्थकों से मिली प्रशंसा इस बात का प्रमाण है कि राजद में गलतफहमियां गहरे तक जड़ें जमा चुकी है। उन्होंने कहा कि राजद नेता की ‘महिला विरोधी’ टिप्पणियां उनकी पत्नी द्वारा उन पर लगाए गए आरोपों को सही साबित करती हैं। इसलिए वो हमारे मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री से माफी मांगे।

You may also like