लद्दाख की गलवान घाटी में सोमवार की रात को भारतीय सैनिकों की चीन की सेना के साथ हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में भारतीय सेना का एक अधिकारी और दो सैनिक शहीद हो गए। ये झड़प तब हुई जब सोमवार रात को गलवान घाटी के पास दोनों देशों के बीच बातचीत के बाद सबकुछ सामान्य होने की स्थिति बन रही थी।
सेना के मुताबिक, भारत ने हिंसक संघर्ष में एक अधिकारी और दो जवान खो दिए हैं। चीन की तरफ कितना नुकसान हुआ है, इस बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। इस बड़े घटनाक्रम के बाद, दोनों सेनाओं के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मुलाकात कर हालात संभालने की कोशिश में लगे हुए हैं।
Army amends statement, says "casualties suffered on both sides" in "violent face-off" during de-escalation process with China in Galwan Valley, Ladakh. pic.twitter.com/rZAg83hr3Q
— ANI (@ANI) June 16, 2020
भारतीय सेना के प्रवक्ता ने बताया कि गलवान घाटी में तनाव घटाने की प्रक्रिया के दौरान गत दिवस हिंसक झड़प हुई और कुछ जानें चली गईं। भारतीय सैन्य अधिकारी और दो जवानों की मौत हो गई। दोनों तरफ से वरिष्ठ अधिकारी तनाव कम करने को लेकर बात कर रहे हैं।
पैगोंग त्सो के निकट हिंसक झड़प होने के बाद पांच मई से दोनों तरफ की सेनाएं बातचीत कर रही हैं। भारत द्वारा पैगोंग त्सो के निकट फिंगर एरिया में रणनीतिक रूप से अहमियत रखने वाली एक सड़क बनाए जाने और गलवान घाटी में धारबुक-शायोक-दौलत बेग ओल्डी को जोड़ने वाली एक अन्य सड़क के निर्माण का चीन कड़ा विरोध कर रहा है। इसी वजह से हाल में तनाव की स्थिति पैदा हुई। भारत के लिए फिंगर एरिया में गश्त करने के उद्देश्य से बहुत महत्वपूर्ण है। भारत ने सीमा क्षेत्र में चीन के विरोध के चलते किसी भी इन्फ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट को न रोकने का फैसला किया है।
चीन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पिछले सप्ताह कहा था कि भारत और चीन बेहतर तरीके से स्थिति को संभाल रहे हैं और राजनयिक और सैन्य स्तर की वार्ताओं के दौरान बनी सहमति के अनुसार कदम उठाकर तनाव घटाने का प्रयास कर रहे हैं। पूर्वी लद्दाख क्षेत्र में सैन्य कमांडर स्तर की उपयोगी बातचीत के बाद चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने यह टिप्पणी की थी। पिछले पांच और छह मई को भारत और चीन के 250 सैनिकों के बीच हिंसक टकराव होने के बाद दोनों पक्ष एक-दूसरे के सामने डटे हैं।
गौरतलब है कि भारत-नेपाल बॉर्डर पर बीते शुक्रवार को गोलीबारी की खबर आई थी। तब गोलीबारी में चार भारतीयों को गोली लगी थी जबकि एक शख्स की मौत हो गई थी। बिहार के सीतामढ़ी के सोनबरसा भारत-नेपाल बॉर्डर पर नेपाली पुलिस ने 5 भारतीयों को गोली मार दी थी, जिसमें 25 साल वर्षीय विकेश कुमार की मौत हो गई थी। इसके बाद जख्मी चार अन्य लोगों को पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

