विदेशों में फंसे भारतीयों को निकालने के साथ राहत सामग्री पहुंचाने में भारतीय विमान कंपनी एयर इंडिया सबसे आगे रही है। इसी वजह से पाकिस्तान के एयर ट्रैफिक कंट्रोलर (ATC) ने भी इसकी तारीफ की है। सरकारी एयरलाइंस कंपनी ने उन यूरोपीय नागरिकों को सुरक्षित उनके देश पहुंचाया जो भारत में कोरोना की वजह से फंसे थे।
एयर इंडिया ने राहत सामग्री के साथ भारत से फ्रैंकफर्ट के लिए स्पेशल फ्लाइट संचालित की थी। एयर इंडिया की ऐसी ही एक फ्लाइट ने जब पाकिस्तान के एयरस्पेस में प्रवेश किया तो वहां के एटीसी ने उसका स्वागत किया। एयर इंडिया के बोइंग-777 और 787 के कई चालक दल के सदस्यों को मुंबई और दिल्ली से यूरोप के कई देशों और कनाडा के नागरिकों को उनके देश पहुंचाने के लिए तैनात किया गया था।
फ्लाइट के कैप्टन ने बताया कि हमने जैसे ही पाकिस्तान के फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (FIR) और पाकिस्तान एटीसी में प्रवेश किया तो ‘अस्सलाम अलैकुम!’ कहकर हमारा स्वागत किया गया। पाकिस्तान एटीसी के सीनियर कैप्टन ने कहा, “यह कराची का कंट्रोल है। फ्रैंकफर्ट में राहत उड़ानों के लिए एअर इंडिया का स्वागत है। हमें आप पर गर्व है कि इस महामारी की स्थिति में भी आप उड़ान भर रहे हैं। गुड लक।” बदले में मैंने उन्हें धन्यवाद कहा।
कैप्टन ने कहा, “यह मेरे और पूरे एयर इंडिया क्रू के लिए बहुत गर्व का पल था, जब हमने पाकिस्तान एटीसी से इस अभियान की तारीफ सुनी।” एयर इंडिया के कप्तान ने बताया ईरान के हवाई क्षेत्र से बाहर जाने से पहले वहां के एटीसी ने भी ‘ऑल द बेस्ट’ कहा।
इसके अलावा, जब विशेष उड़ानों की कमान संभालने वाले एयर इंडिया के कप्तान ने पाकिस्तान एटीसी से पूछा कि उन्हें ईरान के हवाई क्षेत्र के लिए अगला राडार नहीं मिल रहा है, तो पाकिस्तान ने तेहरान के एटीसी को एयर इंडिया के 2 स्पेशल विमानों की मौजूदा लोकेशन की जानकारी दी।
देश में कोरोना वायरस से संक्रमित मरीजों की संख्या 4 हजार 460 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 33, गुजरात में 16, आंध्रप्रदेश में 14, राजस्थान में 8 और झारखंड में संक्रमण का 1 नया मामला सामने आया है। रविवार को देश में सबसे ज्यादा 605 मामले सामने आए थे। महाराष्ट्र में 150 से ज्यादा, आंध्रप्रदेश में 34, गुजरात में 14, मध्यप्रदेश में 14, हिमाचल में 7, राजस्थान में 6, पंजाब में 3, कर्नाटक-ओडिशा में 2-2 और झारखंड में 1 मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई।

