sport

टेस्ट में बेस्ट बन पाएगा भारत?

पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में टीम इंडिया ने इंग्लैंड पर रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर ली है। इस जीत के साथ ही भारत ने विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक तालिका में दूसरा स्थान हासिल कर लिया है। अब उनकी नजरें टेबल टॉपर बनने पर होगी, वहीं न्यूजीलैंड 75 अंकों के साथ पहले स्थान पर है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर भारत इंग्लैंड को 4-1 से शिकस्त देता है तो क्या वह कीवी टीम को पछाड़ पाएगा? वो क्या समीकरण हैं जिससे भारत टेस्ट में बेस्ट बन पाएगा?

भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही पांच टेस्ट मैचों की सीरीज के तीसरे मुकाबले में इंडिया ने रनों के लिहाज से अब तक की सबसे बड़ी जीत दर्ज कर सीरीज में 2-1 की बढ़त बना ली है। इस जीत से भारत विश्व टेस्ट चैंपियनशिप की अंक तालिका में दूसरे पायदान पर पहुंच गया है। अब उनकी नजरें टेबल टॉपर बनने पर होगी। भारतीय टीम के 7 मैचों में 59.52 अंक हैं वहीं न्यूजीलैंड 75 अंकों के साथ पहले नंबर पर है। ऐसे में सवाल उठ रहे हैं कि अगर भारत इंग्लैंड को इस सीरीज में 4-1 से शिकस्त देता है तो क्या वह न्यूजीलैंड को पछाड़ पाएगा? वो क्या समीकरण हैं जिससे इंडिया टीम टेबल तालिका में टॉपर बन सकती है।

खेल विशेषज्ञों का कहना है कि भारतीय टीम को विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के अंक तालिका का टॉपर बनने के लिए सबसे पहले इंग्लैंड को टेस्ट सीरीज में 4-1 से धूल चटानी होगी, अगर टीम ऐसा करने में सफल रहती है तो उसके खाते में 68.51 अंक हो जाएंगे। इसके बाद भारत को न्यूजीलैंड की हार की दुआ भी करनी होगी। न्यूजीलैंड टीम को इसी महीने के अंत से ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज खेलनी है। अगर न्यूजीलैंड पहला टेस्ट हारता है तो उनके खाते में 60 अंक ही रह जाएंगे ऐसे में भारत आसानी से टेबल टॉपर बन जाएगा, वहीं ऑस्ट्रेलिया के खाते में इस जीत के बाद 59 अंक होंगे। अगर टीम इंडिया यह सीरीज 3-2 से जीतता है तो उनका नंबर-1 बनने का सपना इस सीरीज में पूरा नहीं हो पाएगा। इंग्लैंड को 3-2 से सीरीज हराने के बाद भारत के खाते में 57.40 अंक ही रह जाएंगे। हालांकि अगर भारत सीरीज का बचा एक मुकाबला जीतता है और एक मुकाबला ड्रॉ रहता है तो भी उनके पास टेबल टॉपर बनने का मौका होगा। अगर भारत यह सीरीज 3-1 से जीतता है तो उनके खाते में 62.96 अंक हो जाएंगे। ऐसे में न्यूजीलैंड की हार टीम इंडिया को टेबल टॉपर बना सकती है।

शीर्ष पर काबिज है न्यूजीलैंड
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट में जीत के बाद 75 अंकों के साथ न्यूजीलैंड की टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है। न्यूजीलैंड ने वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2023-25 के तहत अभी तक चार टेस्ट खेले हैं और तीन में उसे जीत मिली है। एक में टीम को हार मिली है, वहीं ऑस्ट्रेलिया ने 2023-25 सत्र में 10 टेस्ट खेले हैं और छह में जीत हासिल की है। तीन में कंगारुओं को हार का सामना करना पड़ा है। एक मैच ड्रॉ रहा है। भारत ने सात टेस्ट खेले हैं और चार जीते हैं। टीम इंडिया को दो मुकाबलों में हार मिली है। एक टेस्ट ड्रॉ रहा है।
गौरतलब है कि भारत ने तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 434 रन से हरा दिया है। राजकोट में खेले गए इस मुकाबले में इंग्लैंड को जीत के लिए 557 रन का लक्ष्य मिला था। जवाब में इंग्लैंड की टीम 122 रन पर सिमट गई। मार्क वुड को छोड़कर इंग्लैंड का कोई बल्लेबाज 20 का आंकड़ा भी नहीं छू सका। वुड ने 15 गेंद में 33 रन बनाए।

वहीं, भारत की ओर से रवींद्र जडेजा ने पांच विकेट झटके। इसके अलावा कुलदीप को दो विकेट मिले। बुमराह और अश्विन को एक-एक विकेट। इससे पहले भारत ने पांच मैचों की टेस्ट सीरीज में हैदराबाद में पहला इंग्लैंड ने जीता था, वहीं विशाखापत्तनम में दूसरा भारत ने जीता था। तीसरे में भारत टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बनाए थे। वहीं, इंग्लैंड की पहली पारी 319 रन पर समाप्त हुई थी। उसके आधार पर भारत को 126 रन की बढ़त मिली थी। अपनी दूसरी पारी में भारत ने चार विकेट पर 430 रन बनाकर घोषित कर दी थी। इस तरह भारत कुल बढ़त 556 रन की हुई। 557 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लिश पारी 122 रन पर सिमट गई। सीरीज का चौथा मुकाबला 23 फरवरी से रांची में खेला जाएगा।

टेस्ट में भारत की सबसे बड़ी जीत
राजकोट में खेले गए टेस्ट मुकाबले में भारत ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की है। इससे पहले न्यूजीलैंड के खिलाफ 2021 में खेले गए मैच में भारत ने 372 रन से जीत दर्ज की थी, वहीं 2015 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत ने 337 रन से मुकाबला अपने नाम किया था। 2016 में टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 321 रन से मात दी थी। इसके अलावा 2008 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ भारत ने मोहाली में 320 रन से जीत दर्ज की थी।
स्कोर विरोधी टीम स्थान साल

भारत के खिलाफ इंग्लैंड की दूसरी सबसे बड़ी हार
भारत के खिलाफ तीसरे टेस्ट में इंग्लैंड को 434 रन से शिकस्त मिली। बेन स्टोक्स की अगुवाई वाली टीम की ये दूसरी सबसे बड़ी हार है। इससे पहले 1934 में ऑस्ट्रेलिया ने 562 रन से इंग्लैंड को हराया था। इंग्लैंड की तीसरी बड़ी हार वेस्टइंडीज के खिलाफ थी। 1976 में मैनेचेस्टर में खेले गए मुकाबले में इंग्लिश टीम को 425 रन से शिकस्त मिली थी।

 

1948 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को 409 रन से हराया था। वहीं, 2015 में ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड को एक बार फिर 405 रन से हराया। ये इंग्लैंड की पांचवीं सबसे बड़ी हार थी।

सरफराज बने समाधान!
लंबे समय से भारतीय टीम लिए खेलने का दावा ठोक रहे सरफराज खान को राजकोट टेस्ट में डेब्यू करने का मौका मिला। सरफराज ने इस मौके को दोनों हाथों से लपक लिया। डेब्यू करते हुए सरफराज ने पहली पारी में 66 रनों की शानदार पारी खेली तो दूसरी पारी में उनका बल्ला और ज्यादा कमाल दिखाने में कामयाब रहा। दूसरी पारी में उन्होंने नाबाद 68 रनों की पारी खेली। उनकी इस पारी के बाद कहा जा रहा है कि इंग्लैंड के खिलाफ खेली जा रही 5 टेस्ट मैचों की सीरीज में सरफराज खान ने भारत की सबसे बड़ी समस्या का समाधान कर दिया है। असल में विराट कोहली की गैरमौजूदगी में टीम इंडिया मिडिल ऑर्डर की नाकामयाबी से जूझ रही थी। लेकिन सरफराज खान ने धमाकेदार डेब्यू किया है और वह तीसरे टेस्ट की दोनों पारियों में अर्धशतक लगाने में कामयाब रहे। सरफराज की वजह से टीम इंडिया का मध्यक्रम मजबूत नजर आ रहा है। इसके साथ ही रांची में केएल राहुल की वापसी के बाद टीम इंडिया का मिडिल ऑर्डर और भी ज्यादा मजबूत हो जाएगा।
टीम इंडिया के लिए मिडिल ऑर्डर की समस्या का सिलसिला सीरीज आरंभ होने से पहले ही शुरू हो गया था। विराट कोहली ने निजी कारणों का हवाला देकर सीरीज के शुरुआती दो मैचों से नाम वापस ले लिया था। पहले टेस्ट में मध्यक्रम का जिम्मा श्रेयस अय्यर और केएल राहुल को दिया गया था। अय्यर सीरीज के शुरुआती दोनों मैचों में फ्लॉप साबित हुए तो वहीं केएल राहुल चोटिल होने की वजह से दूसरे और तीसरे टेस्ट में प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं बने। दूसरे टेस्ट में राहुल के स्थान पर रजत पाटिदार को मौका दिया गया लेकिन पाटिदार भी मौके को भुनाने में कामयाब नहीं हो पाए और दो टेस्ट की चार पारियों में एक भी फिफ्टी नहीं लगा पाए। टीम इंडिया की समस्या तब और ज्यादा बढ़ गई जब कोहली ने आखिरी तीन टेस्ट मैचों से भी नाम वापस ले लिया। अब लेकिन सरफराज टीम इंडिया के लिए आशा की किरण बन उभरे हैं।

You may also like

MERA DDDD DDD DD