चंडीगढ़ में ममता को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। यहां एक महिला अपने ढाई साल के बेटे को पलंग में बने बक्से के अंदर बंदकर प्रेमी संग फरार हो गई। बाद में बच्चे की दम घुटने की वजह से मौत हो गई। यह वारदात चंडीगढ़ के बुरेल की है।
फिलहाल पुलिस ने मामले की छान-बिन शुरू कर दी है। बच्चे के पिता दशरथ कुमार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। दशरथ कुमार ने अपने बयान में कहा कि जब वह रविवार शाम को काम से घर लौटा तो उसकी पत्नी और उसका बेटा दिव्यांशु नहीं मिले।
उसके बाद जब उसने कंबल लेने के लिए पलंग का बक्सा खोला तो वहां उसे अपने बेटे का शव मिला। दशरथ ने बताया कि जब मैंने कंबल निकालने के लिए पलंग का बक्सा खोला तो देखा कि देखा की मेरे बेटे दिव्यांशु के मुंह में एक दस्ताना ठूंसा हुआ है और उसकी मृत्यु हो चुकी है।
शुरुआती जांच में पुलिस को चला है कि महिला कुछ दिन से अपने प्रेमी के साथ भागने के फिराक में थी। घटना के बाद से ही आरोपी महिला फरार है उसे तलाशने के लिए पुलिस हर संभव कोशिश कर रही है। इस मामले को लेकर हत्या करने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है।
पुलिस का कहना है कि वह मामले की फिलहाल जांच में लगी है। लड़के के पिता ने बताया कि शुरुआत में लगा की मेरी पत्नी बच्चे के साथ अपने मायके चली गई है लेकिन जब मैंने उसे कॉल किया तो उसने कोई जवाब नहीं दिया।

