सिहांवलोकन-2023/दुनिया
वर्ष 2023 में कुछ ऐसी घटनाएं घटीं, जो इतिहास के पन्नों में हमेशा के लिए दर्ज हो गई। इनमें दुनिया की महाशक्ति कहे जाने वाले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति की गिरफ्तारी से लेकर इजरायल- हमास युद्ध तक शामिल है। 2023 इस दृष्टि से काफी उतार-चढ़ाव से भरा वर्ष रहा। पूरे विश्व में युद्ध, आपसी संघर्ष-और विद्रोह आदि संकट छाए रहे। फिलहाल 2023 कोरोना महामारी के अंत और नई आई बीमारियों के असमंजस में खत्म हो रहा है। कुछ देशों में सत्ता बदली तो कई राष्ट्रों के आपसी टकराव खूब चर्चा में रहे
21वीं सदी के सबसे खतरनाक भूकंप से थर्राया तुर्की-सीरिया
फरवरी माह में 6 तारीख को तुर्की में आए विनाशकारी भूकंप ने देश को कई सालों का दर्द दे दिया। तुर्की और सीरिया के 60 हजार से ज्यादा लोगों को मौत देने वाले इस भूकंप ने दोनों देशों को आर्थिक तौर पर भी काफी कमजोर कर दिया है। इस भूकंप की तीव्रता 7.8 थी। भूकंप से खराब हुई स्थिति को सामान्य होने में कई साल लग सकते हैं।
इंडोनेशिया ने बदली अपनी राजधानी
ग्लोबल वार्मिंग दुनिया के लिए कितना बड़ा खतरा हो सकता है इसका 2023 में एक ताजा उदाहरण इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता रही। ग्लोबल वार्मिंग के प्रभाव के कारण इंडोनेशियाई सरकार को इस साल अपनी राजधानी को स्थानांतरित करने का निर्णय लेना पड़ा। इंडोनेशिया ने बोर्नियो द्वीप पर अपनी नई राजधानी बनाई है। जलवायु परिवर्तन के कारण मौजूदा राजधानी यानी जकार्ता में प्रदूषण का स्तर काफी बढ़ गया है।
चक्रवात फ्रेडी ने मचाई तबाही
तूफान फ्रेडी साल 2022 के फरवरी माह के अंत में आया और इसने अफ्रीका के मलावी, मोजाम्बिक और मेडागास्कर में तबाही मचाई। मार्च 2023 में ये फिर लौटा और अफ्रीकी देशों में चक्रवात फ्रेडी कहर ऐसा बरपा की इसके कारण अफ्रीकी देश मलावी और मोजाम्बिक में करीबन 1 हजार 400 से अधिक मौतें हुईं और कई लोग अभी भी लापता हैं।
तीसरी बार चीन के राष्ट्रपति बने शी जिनपिंग
इस साल शी जिनपिंग को तीसरी बार चीन का राष्ट्रपति चुना गया। 10 मार्च 2023 को उनको तीसरा कार्यकाल दिया गया। 69 साल के शी तीसरे कार्यकाल के साथ ही आधुनिक चीन के सबसे लंबे वक्त तक राष्ट्र प्रमुख बन गए, वहीं माऊ त्से तुंग के बाद वह दूसरे नेता हैं, जिन्हें लगातार तीसरे कार्यकाल के लिए चुना गया।
अमेरिका के इतिहास में पहली बार पूर्व राष्ट्रपति गिरफ्तार
अमेरिका के इतिहास में पहली बार ऐसा हुआ कि वहां के किसी राष्ट्रपति पर महाभियोग चला। पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चुनाव धांधली और कई गंभीर आरोपों के चलते 5 अप्रैल, 2023 में गिरफ्तार भी कर लिया गया था। अमेरिका के इतिहास में यह पहली बार था जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को आपराधिक मामले में गिरफ्तार किया गया।
अमेरिका में बैंकिंग संकट
साल 2023 में अमेरिका में बैंकिंग संकट ऐसा गहराया कि दुनिया का सबसे शक्तिशाली देश अमेरिका के दो बड़े क्षेत्रीय बैंकों का पतन हो गया। अमेरिकी बैंकों में पतन के शिकार होने वाले दो सबसे बड़े बैंक सिलिकॉन वैली और फर्स्ट रिपब्लिक बैंक थे।
अवसान की तरफ इमरान
पाकिस्तान अप्रैल 2022 से ही राजनीतिक संकट का सामना कर रहा है, जब पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान को अविश्वास प्रस्ताव के माध्यम से अपने पद से बेदखल कर दिया गया था। उन्होंने इस परिणाम को स्वीकार करने से इनकार कर दिया और जल्द चुनाव कराने की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन एवं रैलियां करनी शुरू कर दी। वह आतंकवाद, भ्रष्टाचार और न्यायालय की अवमानना सहित कई अन्य कानूनी आरोपों का भी सामना कर रहे हैं। मौजूदा पाकिस्तान सरकार ने उन पर देश को अस्थिर करने और लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया है। इमरान खान पर जनता के बीच सेना विरोधी भावना भड़काने के रूप में अवसरवादी और विनाशकारी रवैया अपनाने का भी आरोप है। पाकिस्तान में आर्थिक संकट के कारण 9 मई 2023 को देश में हिंसक दंगे हुए जिसके बाद इस्लामाबाद उच्च न्यायालय के बाहर से पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) पार्टी के प्रमुख इमरान खान को गिरफ्तार कर लिया गया था।
ट्विटर हुआ एक्स
इस साल सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर का लोगो बदल गया। अब तक ट्विटर के लोगो में चिड़िया दिखती थी, लेकिन अब एक्स दिखेगा। अब ट्विटर को ट्विटर नहीं, बल्कि एक्स कहा जाता है।
सूडान में गृह युद्ध
इस साल 15 अप्रैल, 2023 को सूडान में गृह युद्ध की शुरुआत हुई थी। देश के सूडानी सशस्त्र बलों (एसएएफ) और अर्धसैनिक रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (आरएसएफ) के बीच लड़ाई का एक कारण था एक समझौता जिसके मुताबिक आरएसएफ को सेना में शामिल करना था, दूसरा सोने के भंडार पर कब्जा। गौरतलब है कि पूरे अफ्रीकी महाद्वीप में सबसे बड़ा सोने का भंडार सूडान में है। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक सिर्फ 2022 में ही सूडान ने 41 .8 टन सोने के निर्यात से करीब 2 .5 अरब डॉलर की कमाई की थी यानी सोना ही सूडान के लिए मुनाफा का सबसे बड़ा साधन है। मौजूदा वक्त में इन सोने की खदानों पर देश के एक अर्धसैनिक बल आरएसएफ मिलीशिया का कब्जा है। इस अर्धसैन्य बल की कमान जनरल मोहम्मद हमदान दगालो के हाथ में है।
केमिकल वेपन फ्री हुई दुनिया
1997 के केमिकल वेपन कन्वेंशन के मुताबिक सभी देशों को 30 सितंबर, 2023 तक सभी केमिकल हथियारों को नष्ट करना था। केमिकल हथियारों पर निगरानी रखने वाली संस्था ने घोषणा की है कि 2023 में सभी घोषित केमिकल हथियार खत्म हो गए हैं। अमेरिका ने भी 70 साल बाद अपने केमिकल हथियार नष्ट किए। कोलोराडो में यूएस आर्मी प्यूब्लो केमिकल डिपो और केन्टकी के ब्लू ग्रास आर्मी डिपो में केमिकल हथियारों को नष्ट किया। भारत ने भी एक समझौते के तहत अपने केमिकल हथियारों को नष्ट कर दिया है।
इजरायल-हमास युद्ध
अक्टूबर 8 तारीख को उस वक्त इजराइल बुरी तरह से दहल उठा, जब अचानक हमास ने इजरायल पर 5 हजार से भी ज्यादा मिसाइलें दागीं। इस हमले में इजराइल के कई लोगों की मौत हो गई। हमास के कई लोग इजरायल की सीमा में घुस आए, जिसके बाद कई लोगों को बंदी भी बना लिया गया। इस जंग ने दोनों देशों समेत पूरी दुनिया को हिलाकर रख दिया। तब से यह जंग जारी है और इजरायल भी समय -समय पर हमास पर हवाई फायरिंग करता है, जिसमें न जाने अब तक कितने मासूम फिलिस्तीनी अपनी जान गंवा चुके हैं।
चीन से फैली जानलेवा बीमारी
चीन अभी कोरोना महामारी के दौर से उबर भी नहीं पाया था कि एक नए खतरे ने उसके दरवाजे पर दस्तक दे दी है। चीन में इस समय वाइट लंग निमोनिया तेजी से बढ़ रहा है। ज्यादातर स्कूली बच्चे इस रहस्यमयी निमोनिया का शिकार हो रहे हैं। हालात वैसे ही नजर आ रहे हैं जैसे कोरोना के शुरुआती दिनों में थे। चीन से जिस तरह पूरी दुनिया में कोरोना वायरस फैला था उसी तरह दुनिया के कई देशों में निमोनिया के मरीज मिलने से देशों में अलर्ट जारी किए जा रहे हैं।
इस साल भी जारी रहा रूस-यूक्रेन युद्ध
इस साल भी रूस-यूक्रेन युद्ध खत्म नहीं हो पाया है। साल 2022 में 24 फरवरी को शुरू हुए इस युद्ध से अब तक, विभिन्न अनुमानों के मुताबिक दोनों तरफ के लाखों सैनिक हताहत हो चुके हैं। इसके अलावा करीब 40 हजार से अधिक नागरिक भी मारे गए हैं। 78 लाख से अधिक यूक्रेनी नागरिक विभिन्न यूरोपीय देशों में शरणार्थी बनकर जी रहे हैं।
भारत की ऐतिहासिक छलांग
साल के अंतिम महीने में भारत ने एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए भारतीय मुद्रा को मजबूत बनाने की कोशिश में लंबी छलांग लगाई है। यह पहली बार है जब भारत ने संयुक्त अरब अमीरात को कच्चे तेल की खरीद के बदले रुपए में भुगतान किया है। यह कदम मुख्य रूप से द्विपक्षीय व्यापार में भारतीय रुपए को बढ़ावा देने की ऐतिहासिक पहल के रूप में देखा जा रहा है।
कई देश हुए डॉलर के खिलाफ
डॉलर दुनिया की सबसे बड़ी और घोषित करेंसी है। डॉलर को साल 1944 में दुनिया के करीब 44 देशों ने मिलकर ब्रिटेन वुड्स एग्रीमेंट के तहत बनाया था और अमेरिका द्वारा बनाई गई डॉलर करेंसी को दुनियाभर के देशों को मानना पड़ा था। तब से लेकर आज तक डॉलर दुनिया में सबसे बड़ी करेंसी बनी हुई है। जिसे दुनियाभर के देश व्यापार करते हैं, लेकिन अमेरिका की एकतरफा नीतियों का असर कई देशों पर पड़ता है। चीन, रूस समेत कई देश अमेरिकी डॉलर का विरोध करते आए हैं। इसी के तहत ब्रिक्स देशों ने साल 2023 में नई ब्रिक्स करेंसी लाने पर विचार किया।
ट्रंप नहीं लड़ पाएंगे राष्ट्रपति चुनाव
यूएस कैपिटल हिंसा मामले में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को तगड़ा झटका 2023 के अंतिम माह दिसंबर में लगा। 19 दिसंबर को कोलोराडो सुप्रीम कोर्ट ने डोनाल्ड ट्रंप को राष्ट्रपति चुनाव लड़ने से अयोग्य घोषित कर दिया। यह अमेरिकी इतिहास में पहली बार है जब किसी पूर्व राष्ट्रपति को चुनाव लड़ने से अयोग्य ठहराया गया है। इस निर्णय के बाद कहा जा रहा है कि ट्रंप 2024 का अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव नहीं लड़ सकेंगे। ट्रंप को संविधान के 14वें संशोधन की धारा 3 का इस्तेमाल कर राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार को अयोग्य ठहराया गया है।
तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर दुनिया
दुनिया तीसरे विश्व युद्ध के मुहाने पर पहुंच चुकी है। रूस- यूक्रेन युद्ध और इजराइल-हमास की जंग हो या चीन, उत्तर कोरिया और अमेरिका के बीच की तनावपूर्ण माहौल बनाने वाली बयानबाजी, ये सब कुछ मिलकर दुनिया में धुव्रीकरण और युद्ध के हालात बनाने का काम कर रहे हैं। अगर तीसरा विश्व युद्ध छिड़ गया और उसमें परमाणु हथियारों का इस्तेमाल हुआ तो अनर्थ हो जाएगा। चिंता जताई जा रही है कि यह युद्ध खाड़ी के बाकी देशों में फैल सकता है।
इमरान खान को मिली राहत
पाकिस्तान में अगले साल आठ फरवरी को होने जा रहे आम चुनाव से पहले सियासी हलचल तेज हो गई है। ऐसे में देश के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के लिए राहत भरी खबर आई है। पेशावर हाईकोर्ट ने उनकी पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ के चुनाव चिह्न पर लगी रोक को 26 दिसंबर को हटा दिया है।