‘अवतार 3’ ने बाॅक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए साबित कर दिया है कि जेम्स कैमरन की
कल्पनाशील दुनिया आज भी सिनेमा के सबसे बड़े दर्शक वर्ग को बांधने की ताकत रखती है


हाॅलीवुड के दिग्गज फिल्मकार जेम्स कैमरन की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘अवतार 3 : फायर एंड एश’  ने रिलीज के कुछ ही दिनों में वैश्विक बाॅक्स ऑफिस पर तहलका मचा दिया है। फिल्म ने महज 18 दिनों में दुनिया भर में लगभग 9,750 करोड़ रुपए की कमाई कर ली है, जिससे यह अब तक की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।

अवतार फ्रेंचाइजी की यह तीसरी कड़ी दर्शकों को एक बार फिर पैंडोरा की रहस्यमयी और भव्य दुनिया में ले जाती है। इस बार कहानी केवल दृश्यात्मक चमत्कार तक सीमित नहीं है बल्कि सत्ता, संघर्ष, पर्यावरण और अस्तित्व जैसे गम्भीर विषयों को भी छूती है। फिल्म में आग और राख से जुड़े नए क्लान को दिखाया गया है जिसने कहानी को और अधिक आक्रामक और भावनात्मक बना दिया है।

भारत में भी ‘अवतार 3’ को जबरदस्त रिस्पाॅन्स मिला है। हिंदी, तमिल और तेलुगु संस्करणों में फिल्म ने शानदार कारोबार किया है। मल्टीप्लेक्स से लेकर आईमैक्स स्क्रीन तक दर्शकों की भारी भीड़ देखी जा रही है जिससे यह साफ है कि भारतीय दर्शकों के बीच हाॅलीवुड की बड़ी फिल्मों का आकर्षण लगातार बढ़ रहा है।

फिल्म समीक्षकों का मानना है कि ‘अवतार 3’ की सफलता केवल ब्रांड वैल्यू की वजह से नहीं है बल्कि इसकी तकनीकी श्रेष्ठता, भावनात्मक गहराई और वैश्विक मुद्दों से जुड़ी कहानी ने इसे एक ‘इवेंट फिल्म’ बना दिया है। जेम्स कैमरन ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि वे सिर्फ फिल्में नहीं बनाते बल्कि सिनेमाई अनुभव रचते हैं।

बाॅक्स ऑफिस विशेषज्ञों का अनुमान है कि आने वाले हफ्तों में ‘अवतार 3’ की कमाई 10,000 करोड़ रुपए के आंकड़े को भी पार कर सकती है। साथ ही फ्रेंचाइजी की अगली कड़ियों को लेकर दर्शकों की उत्सुकता और बढ़ गई है।

कुल मिलाकर ‘अवतार 3’ न केवल हाॅलीवुड बल्कि वैश्विक सिनेमा के लिए यह संदेश देती है कि बड़े पर्दे का जादू अभी खत्म नहीं हुआ है, बशर्ते कहानी और तकनीक दोनों में ईमानदारी हो।

You may also like