बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा मुंबई के हरियाली भरे क्षेत्र आरे कॉलोनी में पेड़ों की कटाई का विरोध करने वाली सभी याचिकाएं खारिज करने के बाद शुक्रवार को पेड़ काटने का काम शुरू हो गया। कटाई का विरोध कर रहे लोगों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने पेड़ काटना शुरू कर दिया है। वहीं विरोध कर रहे 29 प्रदर्शनकारियों को बोरिवल्ली कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है।
पर्यावरण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आरे जंगलों में कटाई को लेकर कहा कि बॉम्बे उच्च न्यायालय ने कहा है कि यह जंगल नहीं है। जब दिल्ली में पहले मेट्रो स्टेशन का निर्माण किया जा रहा था, तो उस दौरान भी 20-25 पेड़ काटे जाने थे। तब भी लोगों ने विरोध किया था, लेकिन प्रत्येक पेड़ को काटने के बदले, पांच पेड़ लगाए गए थे। शिवसेना की उपनेता प्रियंका चतुर्वेदी प्रदर्शनकारियों को समर्थन देने और विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के लिए प्रदर्शन स्थल पर पहुंची, उन्हें पुलिस ने हालात को देखते हुए तुरंत हिरासत में ले लिया।
