sport

फीफा विश्व कप 2026 : उलटफेर के शिकार हुए दावेदार छोटे देशों का बड़ा संदेश

फीफा विश्व कप 2026 अब तक यह स्पष्ट कर चुका है कि विश्व फुटबाॅल का शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है। जर्मनी, नीदरलैंड के बाद ब्राजील और पुर्तगाल जैसी दिग्गज टीमों का क्वार्टर फाइनल से पहले ही बाहर होना जबकि पैराग्वे, मोरक्को, केप वर्डे, नाॅर्वे और डीआर कांगो जैसी टीमों का शानदार प्रदर्शन, इस बदलाव का सबसे बड़ा प्रमाण है। 48 टीमों वाले नए प्रारूप ने अपेक्षाकृत छोटे देशों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा मंच दिया और उन्होंने साबित कर दिया कि आधुनिक फुटबाॅल में केवल इतिहास, रैंकिंग या बड़े नाम जीत की गारंटी नहीं हैं। बेहतर कोचिंग, आधुनिक तकनीक, यूरोपीय क्लब फुटबाॅल का अनुभव और बदली हुई मानसिकता ने इन टीमों को पारम्परिक महाशक्तियों के समकक्ष ला खड़ा किया है। यही वजह है कि फीफा विश्व कप एक टूर्नामेंट नहीं बल्कि बदलते वैश्विक फुटबाॅल परिदृश्य का नया अध्याय बनकर उभरा है। यदि नॉकआउट चरण में भी कोई और दिग्गज टीम उलटफेर का शिकार होती है तो उसे महज एक चौंकाने वाला नतीजा नहीं नए युग का स्पष्ट संकेत माना जाएगा

फुटबाॅल की सबसे बड़ी खूबसूरती उसकी अनिश्चितता है। यही वजह है कि फीफा विश्व कप को केवल एक खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि भावनाओं, संघर्ष और चमत्कारों का महाकुम्भ माना जाता है। मेजबान अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको में खेले जा रहे फीफा विश्व कप 2026 के अब तक के मुकाबलों ने स्पष्ट कर दिया है कि आधुनिक फुटबाॅल में किसी भी टीम को केवल उसके इतिहास या विश्व रैंकिंग के आधार पर विजेता नहीं माना जा सकता। यह विश्व कप जैसे-जैसे अपने अंतिम चरणों की ओर बढ़ रहा है वैसे-वैसे एक के बाद एक उलटफेर भरे मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। कई ऐसे परिणाम सामने आए हैं जिन्होंने पारम्परिक फुटबाॅल महाशक्तियों की बादशाहत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। 48 टीमों वाले नए प्रारूप ने प्रतियोगिता को और अधिक प्रतिस्पर्धी बना दिया है। छोटे देशों को पहली बार इतना बड़ा मंच मिला और उन्होंने इस अवसर का भरपूर लाभ उठाया। नतीजा यह रहा कि कई दिग्गज टीमें या तो शुरुआती दौर में संघर्ष करती दिखाई दीं या फिर टूर्नामेंट से बाहर हो गईं नाॅकआउट चरण तक पहुंचते-पहुंचते कई ऐसे नतीजे सामने आए हैं जिन्होंने फुटबाॅल विशेषज्ञों की भविष्यवाणियों को गलत साबित कर दिया। इन परिणामों ने यह भी दिखाया कि आधुनिक फुटबाॅल में तकनीक, फिटनेस, सामरिक अनुशासन और आत्मविश्वास के दम पर कोई भी टीम किसी भी बड़े प्रतिद्वंद्वी को चुनौती दे सकती है। अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या विश्व फुटबाॅल का शक्ति संतुलन बदल रहा है?

खेल विशेषज्ञों का कहना है कि फीफा विश्व कप 2026 केवल गोलों और जीत-हार का टूर्नामेंट नहीं बल्कि बदलते वैश्विक फुटबाॅल परिदृश्य की कहानी बनता जा रहा है। पांच बार की चैम्पियन नीदरलैंड, ब्राजील जर्मनी और पुर्तगाल जैसी पारम्परिक ताकतों का जल्दी बाहर होना तथा पैराग्वे, मोरक्को, केप वर्डे, नाॅर्वे और डीआर कांगो जैसी टीमों का शानदार प्रदर्शन इस बात का संकेत है कि विश्व फुटबाॅल का शक्ति संतुलन तेजी से बदल रहा है। यही इस विश्व कप की सबसे बड़ी विशेषता है। यहां इतिहास नहीं बल्कि मौजूदा प्रदर्शन जीत तय कर रहा है। यही वजह है कि फीफा विश्व कप अब तक उलटफेरों, रोमांच और नई कहानियों का विश्व कप बन चुका है और इसके कई कारण हैं। पहला कारण फुटबॉल का स्तर अब पूरी दुनिया में काफी संतुलित हो गया है। आधुनिक प्रशिक्षण तकनीक, खेल विज्ञान, वीडियो विश्लेषण और बेहतर कोचिंग सुविधाओं ने छोटे देशों को भी मजबूत बनाया है। दूसरा खिलाड़ियों का यूरोप की शीर्ष लीगों में खेलना है। आज अफ्रीका, एशिया और उत्तरी अमेरिका के खिलाड़ी इंग्लैंड, स्पेन, जर्मनी और इटली की बड़ी लीगों में खेलते हैं, जिससे उनका अनुभव बढ़ा है। तीसरा कारण मानसिकता में बदलाव है। अब छोटे देश बड़े नामों से डरते नहीं बल्कि जीतने के इरादे से मैदान पर उतरते हैं।

48 टीमों वाला नया प्रारूप भी बना कारण
पहली बार 48 टीमों के साथ आयोजित हो रहे विश्व कप ने प्रतियोगिता को पहले से कहीं अधिक खुला बना दिया है। अधिक देशों को अवसर मिलने से प्रतिस्पर्धा बढ़ी है और हर मुकाबले का स्तर ऊंचा हुआ है। नए प्रारूप ने उन देशों को भी विश्व मंच दिया है जो पहले क्वालीफाई ही नहीं कर पाते थे। यही कारण है कि इस बार कई नई कहानियां सामने आई हैं और दर्शकों को लगातार रोमांचक मुकाबले देखने को मिल रहे हैं। खासकर मेजबान देशों में अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको ने घरेलू परिस्थितियों का पूरा फायदा उठाया है। अमेरिका ने बोस्निया एवं हर्जेगोविना को हराकर अंतिम-16 में प्रवेश किया जबकि कनाडा ने दक्षिण अफ्रीका को हराकर शानदार प्रदर्शन किया। दूसरी ओर मेक्सिको ने इक्वाडोर को हराकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की। नए प्रारूप ने छोटे देशों को खुद को साबित करने का बड़ा मंच दिया है।

छोटे देशों का बड़ा संदेश
इस विश्व कप में केप वर्डे, घाना, पैराग्वे, मोरक्को, नॉर्वे और डीआर कांगो जैसी टीमों ने जिस तरह का प्रदर्शन किया है, उसने साबित कर दिया है कि अब फुटबाॅल केवल यूरोप और दक्षिण अमेरिका तक सीमित नहीं रह गया है। विशेष रूप से केप वर्डे जैसी टीम ने अपने पहले ही विश्व कप में शानदार प्रदर्शन करते हुए दुनिया का ध्यान अपनी ओर आकर्षित किया। घाना और अल्जीरिया जैसी अफ्रीकी टीमों ने भी उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर यह संदेश दिया कि आने वाले वर्षों में अफ्रीका विश्व फुटबॉल की नई महाशक्ति बन सकता है।

बड़ी ताकतों के लिए चेतावनी
ब्राजील, जर्मनी, नीदरलैंड और पुर्तगाल जैसी टीमों की विदाई ने स्पष्ट कर दिया है कि इतिहास के दम पर विश्व कप नहीं जीता जा सकता। प्रत्येक मुकाबले में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना आवश्यक है। स्पेन, पुर्तगाल, अर्जेंटीना, फ्रांस और इंग्लैंड जैसी बाकी बड़ी टीमों के लिए स्पष्ट संदेश है कि एक छोटी सी चूक भी टूर्नामेंट से बाहर होने का कारण बन सकती है।

आगे और हो सकते हैं बड़े उलटफेर

फीफा विश्व कप 2026 के लीग राउंड समाप्त हो गए हैं। 48 में से अब सिर्फ 8 ही टीमें, मोरक्को, फ्रांस, स्पेन, बेल्जियम, नार्वे, इंग्लैंड, अर्जेंटीना और स्विट्जरलैंड खिताब की रेस में हैं लेकिन ब्राजील, जर्मनी और नीदरलैंड जैसी टीमों की विदाई यह बता चुकी है कि कोई भी टीम पूरी तरह सुरक्षित नहीं है। यदि मौजूदा रुझान जारी रहा तो आने वाले दिनों में और भी बड़े उलटफेर देखने को मिल सकते हैं।

ब्राजील की विदाई सबसे बड़ा झटका
फीफा विश्व कप 2026 के राउंड  ऑफ-16 में नाॅर्वे ने टूर्नामेंट का सबसे बड़ा उलटफेर करते हुए पांच बार की विश्व चैम्पियन ब्राजील को 1-2 से हराकर पहली बार विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालंद ने 79वें और 90वें मिनट में दो शानदार गोल दागकर अपनी टीम को जीत दिलाई। ब्राजील के लिए नेमार जूनियर ने इंजरी टाइम (90$10’) में पेनल्टी पर एकमात्र गोल किया लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। इस ऐतिहासिक हार के बाद ब्राजील के स्टार खिलाड़ी नेमार ने भावुक होकर इंटरनेशनल फुटबाॅल से संन्यास की घोषणा कर दी है।

जर्मनी का चौंकाने वाला नॉकआउट सफर
चार बार की विश्व चैम्पियन जर्मनी को इस विश्व कप की प्रमुख दावेदार टीमों में गिना जा रहा था। अनुभवी खिलाड़ियों और मजबूत स्क्वाड के बावजूद जर्मनी राउंड ऑफ 32 में पैराग्वे के खिलाफ अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। निर्धारित समय और अतिरिक्त समय तक मुकाबला बराबरी पर रहा लेकिन पेनल्टी शूटआउट में पैराग्वे ने 4-3 से जीत दर्ज कर विश्व फुटबाॅल का सबसे बड़ा उलटफेर कर दिया। जर्मनी की हार केवल एक मैच हारने तक सीमित नहीं रही बल्कि इसने यह भी दिखाया कि अब केवल इतिहास के दम पर विश्व कप नहीं जीता जा सकता।

नीदरलैंड भी नहीं बचा
यूरोप की सबसे तकनीकी और अनुशासित टीमों में गिने जाने वाले नीदरलैंड को भी मोरक्को ने बाहर का रास्ता दिखा दिया। 2022 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली मोरक्को ने एक बार फिर अपने सामरिक अनुशासन और मजबूत रक्षा पंक्ति का प्रदर्शन किया। पेनल्टी शूटआउट में मिली जीत ने यह साबित कर दिया कि अफ्रीकी फुटबॉल अब किसी भी यूरोपीय टीम को चुनौती देने की क्षमता रखता है। मोरक्को की यह जीत संयोग नहीं बल्कि पिछले कई वर्षों से किए जा रहे व्यवस्थित विकास का परिणाम मानी जा रही है।

नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को चौंकाया
अफ्रीका की मजबूत टीम आइवरी कोस्ट को हराकर नाॅर्वे ने भी टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। मुकाबले में आइवरी कोस्ट को अधिक अनुभवी माना जा रहा था लेकिन नाॅर्वे ने अवसरों का बेहतर उपयोग करते हुए 2-1 से जीत दर्ज की और अंतिम-16 में जगह बनाई। यह परिणाम दर्शाता है कि यूरोप की मध्यम श्रेणी की टीमें भी अब बड़े मंच पर लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही हैं।

बाल-बाल बचा इंग्लैंड

राउंड ऑफ 32 में इंग्लैंड को डीआर कांगो के खिलाफ आसान जीत की उम्मीद थी लेकिन मुकाबला उम्मीद से कहीं अधिक कठिन साबित हुआ और 1966 की विश्व चैम्पियन उलटफेर का शिकार होने से मुश्किल से बची। डीआर कांगो ने मुकाबले के शुरुआती मिनटों में बढ़त बनाकर इंग्लैंड को लम्बे समय तक दबाव में रखा। करीब 75 मिनट तक पिछड़ने के बाद कप्तान हैरी केन ने लगातार दो गोल दागकर इंग्लैंड को 2-1 से जीत दिलाई। यदि इंग्लैंड वापसी नहीं कर पाता तो यह विश्व कप इतिहास के सबसे बड़े उलटफेरों में शामिल हो सकता था।

खरे नहीं उतरे उरुग्वे और जापान
दक्षिण अमेरिका की मजबूत टीम उरुग्वे अपने पुराने प्रभाव को कायम नहीं रख सकी, वहीं एशिया की सबसे मजबूत टीमों में शामिल जापान भी नाॅकआउट दौर में खिलाफ संघर्ष करने के बावजूद आगे नहीं बढ़ सकी। इन नतीजों ने दिखाया कि विश्व कप का दबाव और नॉकआउट मुकाबलों की चुनौती किसी भी टीम के लिए आसान नहीं होती।

केप वर्डे की ऐतिहासिक कहानी
विश्व कप 2026 की सबसे प्रेरणादायक कहानी केप वर्डे की रही है। पहली बार विश्व कप खेलने उतरी अफ्रीकी टीम ने ग्रुप चरण में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्पेन और उरुग्वे जैसी मजबूत टीमों के खिलाफ महत्वपूर्ण अंक हासिल किए और नॉकआउट चरण में जगह बनाई। फीफा रैंकिंग में काफी नीचे होने के बावजूद केप वर्डे ने बेहतरीन सामूहिक खेल, अनुशासित रक्षा और तेज काउंटर अटैक के दम पर सभी को प्रभावित किया।

You may also like