बिहार के मुजफ्फरपुर में और फिर उत्तर प्रदेश के देवरिया के नारी संरक्षण गृह में कथित देह व्यापार के खुलासे पर सुप्रीम कोर्ट की कड़ी टिप्पणी सामने आई है। मुजफ्फरपुर मामले में स्वत: संज्ञान लेते हुए सुप्रीम कोर्ट ने मंगलवार को बिहार सरकार को जमकर लताड़ लगाई। इस दौरान कोर्ट ने देवरिया मामले का भी जिक्र किया। कोर्ट ने कहा कि यह देश में यह क्या हो रहा है। लेफ्ट, राइट और सेंटर, हर जगह बलात्कार हो रहा है।
सुप्रीम कोर्ट ने नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो (एनसीआरबी) के डाटा का हवाला देते हुए कहा कि हर छह घंटे में एक लड़की का बलात्कार हो रहा है। हर साल देश में 38 हजार बलात्कार होते हैं। देश में सबसे ज्यादा बलात्कार मध्यप्रदेश में हो रहे हैं और दूसरे नंबर पर उत्तर प्रदेश आता है। कोर्ट ने नीतीश कुमार को कड़ी फटकार लगाई।
