Editorial

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता और न्यायपालिका

उत्तराखण्ड के कोटद्वार से निकला और देशभर के जनमानस को झकझोरने वाला ‘मोहम्मद दीपक’ मामला एक साधारण प्रकरण नहीं है बल्कि यह उस जटिल लोकतांत्रिक विमर्श का हिस्सा बन जाता है, जिसमें न्यायपालिका, नागरिक अधिकार और सामाजिक नैतिकता, तीनों के बीच संतुलन की कसौटी परखी जा रही है। दीपक कुमार का नाम पहली बार उस समय राष्ट्रीय स्तर पर उभरा जब 26 जनवरी 2026 को एक स्थानीय विवाद के दौरान एक जिम ट्रेनर दीपक अपने पड़ोसी मुस्लिम दुकानदार के समर्थन में खड़े होते हैं और अपना नाम ‘मोहम्मद दीपक’ बताते हैं। यह एक प्रतीकात्मक क्षण था जो तुरंत ही सामाजिक मीडिया के माध्यम से फैला और एक व्यापक संदेश में बदल गया, एक ऐसा संदेश, जो साम्प्रदायिक विभाजन के बीच एकता और सहअस्तित्व की बात करता है लेकिन हमारे आज के लोकतंत्र की वास्तविकता यह है कि जिस व्यक्ति को समाज का एक बड़ा हिस्सा एक नैतिक प्रतीक के रूप में देख रहा है, वही व्यक्ति कानून की नजर में एक आरोपी बना दिया गयाा है।

घटना के बाद जो घटनाक्रम सामने आता है, वह इस विरोधाभास को और स्पष्ट करता है। एक ओर दीपक कुमार को देशभर से व्यापक समर्थन मिलता है, वहीं दूसरी ओर ‘अंधभक्तों की ट्रोल सेना उसे हिंदू और हिंदुत्व विरोधी सामने करने के लिए निकल पड़ी और उनके खिलाफ आपराधिक धाराओं में मामला दर्ज किया जाता है। दीपक को धमकियां मिल रही हैं और उसके घर के बाहर विरोध-प्रदर्शन होते हैं। यहीं से यह मामला केवल ‘क्या हुआ’ का नहीं बल्कि ‘कैसे देखा जा रहा है’ का बन जाता है। दीपक कुमार ने उत्तराखण्ड उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और अपने खिलाफ दर्ज एफआईआर को रद्द करने तथा सुरक्षा की मांग की तो निश्चित रूप से उसे न्याय की उम्मीद रही होगी और न्यायपालिका से यह अपेक्षा तो रहती ही है कि वह सभी पहलुओं, घटना, परिस्थितियों, खतरे और अधिकारों को एक समग्र दृष्टिकोण से देखेगी। ऐसा लेकिन हुआ नहीं। न्यायमूर्ति राकेश थपलियाल की अदालत का तर्क है कि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो, इसलिए याचिकाकर्ता को सोशल मीडिया पर बयान देने से रोका जाना आवश्यक है और उसे जांच में सहयोग करना चाहिए। यह तर्क न्यायिक प्रक्रिया की दृष्टि से समझ में आता है क्योंकि किसी भी आपराधिक मामले में यह आवश्यक होता है कि जांच निष्पक्ष और बिना बाहरी प्रभाव के पूरी हो लेकिन क्या जांच की निष्पक्षता सुनिश्चित करने का एकमात्र तरीका यही है कि एक व्यक्ति को पूरी तरह से सार्वजनिक अभिव्यक्ति से रोक दिया जाए? क्या यह प्रतिबंध ‘आवश्यक और आनुपातिक’ (necessary and proportionate) है, जैसा कि संवैधानिक सिद्धांत अपेक्षा करते हैं?

भारतीय संविधान का अनुच्छेद 19(1)(ए) नागरिकों को अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता देता है। यह स्वतंत्रता पूर्ण नहीं है लेकिन इसे सीमित करने के लिए जो भी प्रतिबंध लगाए जाते हैं, उन्हें न्यायिक रूप से उचित ठहराया जाना आवश्यक होता है। यहीं पर सर्वोच्च न्यायालय की हालिया टिप्पणी इस बहस को एक मजबूत आधार देती है। पंकज पुष्कर बनाम भारत संघ मामले में सर्वोच्च न्यायालय की पीठ ने गत् सप्ताह ही यह कहा है कि “It’s a
viewpoint about a judgment. That’s a healthy criticism. Why the judiciary should be so over sensitive about that\… People have a right to criticize our judgments.” (यह एक फैसले के बारे में एक दृष्टिकोण है। यह स्वस्थ आलोचना है। न्यायपालिका को इसके प्रति इतना संवेदनशील क्यों होना चाहिए? लोगों को हमारे निर्णयों की आलोचना करने का अधिकार है।)

यह कथन केवल एक न्यायिक टिप्पणी नहीं है बल्कि यह लोकतांत्रिक आत्मविश्वास की अभिव्यक्ति है। यह बताता है कि न्यायपालिका स्वयं को आलोचना से ऊपर नहीं मानती बल्कि उसे लोकतंत्र का एक आवश्यक हिस्सा मानती है।

इसी संदर्भ में यदि ‘मोहम्मद दीपक’ के मामले को देखा जाए तो यह प्रश्न और भी महत्वपूर्ण हो जाता है कि क्या किसी व्यक्ति, भले ही वह आरोपी हो, को पूरी तरह से सार्वजनिक विमर्श से बाहर कर देना उसी संवैधानिक भावना के अनुरूप है जिसे सर्वोच्च न्यायालय स्वयं रेखांकित करता है। यहां यह स्पष्ट करना जरूरी है कि यह आलोचना न्यायपालिका के अधिकारों को चुनौती देने के लिए नहीं है बल्कि यह उस संतुलन की तलाश है जो न्यायिक प्रक्रिया और नागरिक स्वतंत्रता के बीच स्थापित होना चाहिए।

भारतीय न्यायिक परम्परा में कई ऐसे निर्णय हैं जो यह स्थापित करते हैं कि आरोपी होने मात्र से किसी व्यक्ति के अधिकार समाप्त नहीं हो जाते। डी.के. बसु बनाम पश्चिम बंगाल राज्य में सुप्रीम कोर्ट यह कहता है कि हिरासत में लिए गए व्यक्ति के साथ गरिमापूर्ण व्यवहार किया जाना अनिवार्य है और राज्य की जिम्मेदारी है कि उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करे। इसी प्रकार जोगिंदर कुमार बनाम उत्तर प्रदेश राज्य में यह कहा जाता है कि गिरफ्तारी मनमाने ढंग से नहीं हो सकती और व्यक्ति की स्वतंत्रता का सम्मान किया जाना चाहिए। अरनेश कुमार बनाम बिहार राज्य में यह सिद्धांत और स्पष्ट किया जाता है कि व्यक्तिगत स्वतंत्रता को अनावश्यक रूप से सीमित नहीं किया जाना चाहिए।

इन सभी निर्णयों का मूल संदेश यही है कि राज्य और न्यायपालिका की जिम्मेदारी केवल कानून लागू करना नहीं है बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि कानून का प्रयोग नागरिक अधिकारों के साथ संतुलन बनाकर किया जाए। ‘मोहम्मद दीपक’ के मामले में यही संतुलन बहस का विषय बनता है। एक ओर अदालत यह सुनिश्चित करना चाहती है कि जांच प्रक्रिया प्रभावित न हो, जो कि एक वैध उद्देश्य है लेकिन दूसरी तरफ यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि किसी व्यक्ति को पूरी तरह से सार्वजनिक अभिव्यक्ति से वंचित न कर दिया जाए, खासकर तब जब वह स्वयं को एक सामाजिक और नैतिक संदर्भ में प्रस्तुत कर चुका हो और उसके खिलाफ सार्वजनिक प्रतिक्रिया भी सामने आ चुकी हो। यहां एक और महत्वपूर्ण पहलू सामने आता है, व्यक्तिगत सुरक्षा का। यदि ये आरोप सही हैं कि दीपक कुमार को धमकियां मिलती हैं तो यह राज्य और न्यायपालिका दोनों की जिम्मेदारी बनती है कि उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाए।

संविधान का अनुच्छेद 21 केवल जीवन का अधिकार नहीं देता बल्कि यह ‘गरिमा के साथ जीवन’ (right to live with dignity) की भी बात करता है। ऐसे में यदि किसी व्यक्ति को सार्वजनिक रूप से खतरा है तो केवल यह कहना पर्याप्त नहीं हो सकता कि वह जांच में सहयोग करे। यह भी सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि वह सुरक्षित वातावरण में ऐसा कर सके। इस पूरे प्रकरण ने एक और महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया है कि क्या न्यायपालिका का दृष्टिकोण केवल प्रक्रिया केंद्रित होना चाहिए या उसमें सामाजिक संदर्भों को भी स्थान मिलना चाहिए? यह प्रश्न नया नहीं है। भारतीय न्यायपालिका ने कई बार सामाजिक संदर्भों को ध्यान में रखते हुए अपने निर्णय दिए हैं लेकिन हर मामले में यह संतुलन एक जैसा नहीं होता और यही कारण है कि ऐसे मामलों में बहस की गुंजाइश बनी रहती है।

राजनीतिक स्तर पर भी यह मामला विभिन्न प्रतिक्रियाएं सामने ला रहा है। कुछ लोग इसे चयनात्मक कार्रवाई के रूप में देखते हैं जबकि अन्य इसे कानून के समान अनुप्रयोग के रूप में प्रस्तुत करते हैं। मैं मानता हूं कि इस बहस को राजनीतिक चश्मे से हटाकर संवैधानिक दृष्टिकोण से देखा जाए। मीडिया और सोशल मीडिया की भूमिका भी इस मामले में दोधारी तलवार की तरह सामने आती है। एक ओर यही माध्यम दीपक कुमार को राष्ट्रीय पहचान दिलाते हैं वहीं दूसरी तरफ यही माध्यम न्यायिक प्रक्रिया के लिए चुनौती भी बन सकते हैं। अदालत का निर्देश इसी संदर्भ में आता है लेकिन यह भी स्पष्ट है कि डिजिटल युग में अभिव्यक्ति पर पूर्ण नियंत्रण सम्भव नहीं है और न ही यह लोकतांत्रिक दृष्टिकोण से वांछनीय है।

अंततः ‘मोहम्मद दीपक’ का मामला हमें यह सोचने पर मजबूर करता है कि लोकतंत्र में न्याय, स्वतंत्रता और अभिव्यक्ति के बीच संतुलन कैसे स्थापित किया जाए। क्या न्यायिक प्रक्रिया की शुचिता बनाए रखने के लिए अभिव्यक्ति को सीमित करना उचित है? क्या यह प्रतिबंध आवश्यक और आनुपातिक है? क्या व्यक्तिगत सुरक्षा और गरिमा को पर्याप्त महत्व दिया जा रहा है? ये सभी प्रश्न केवल इस एक मामले तक सीमित नहीं हैं बल्कि यह भारतीय लोकतंत्र के व्यापक ढांचे से जुड़े हुए हैं और शायद यही इस पूरे प्रकरण की सबसे बड़ी सीख हैं कि लोकतंत्र केवल संस्थाओं से नहीं चलता बल्कि उन संस्थाओं के बीच संतुलन से चलता है। ‘मोहम्मद दीपक’ आज एक व्यक्ति से कहीं अधिक बन चुका है, वह एक बहस है, एक कसौटी है और एक अवसर भी जिसमें यह परखा जा रहा है कि हमारा संवैधानिक ढांचा नागरिक अधिकारों और न्यायिक प्रक्रिया के बीच संतुलन स्थापित करने में कितना सक्षम है।

इस पूरे प्रकरण को केवल एक न्यायिक आदेश या एक व्यक्ति के विवाद के रूप में देखना इसकी गम्भीरता को कम करके आंकना होगा। ‘मोहम्मद दीपक’ का मामला दरअसल उस बड़े संक्रमणकालीन दौर का प्रतीक है जिसमें भारतीय लोकतंत्र स्वयं को नए सामाजिक और डिजिटल यथार्थ के बीच पुनर्परिभाषित करने की कोशिश कर रहा है। आज जब एक साधारण नागरिक का वक्तव्य कुछ ही मिनटों में राष्ट्रीय विमर्श का हिस्सा बन जाता है, तब न्यायपालिका, प्रशासन और समाज, तीनों को अपने-अपने दृष्टिकोण में अधिक संवेदनशील और संतुलित होना पड़ेगा।

यह भी उतना ही महत्वपूर्ण है कि न्यायिक संस्थाएं अपने आदेशों के व्यापक सामाजिक प्रभाव को समझें। किसी व्यक्ति को पूरी तरह से सार्वजनिक अभिव्यक्ति से रोक देना केवल एक कानूनी कदम नहीं होता बल्कि यह उस लोकतांत्रिक संवाद को भी सीमित करता है जो किसी भी समाज के स्वस्थ विकास के लिए आवश्यक होता है। विशेष रूप से तब, जब मामला केवल आपराधिक नहीं बल्कि सामाजिक सौहार्द और सामुदायिक सम्बंधों से भी जुड़ा हुआ हो। साथ ही यह अपेक्षा भी उतनी ही प्रासंगिक है कि राज्य केवल कानून लागू करने तक सीमित न रहे बल्कि वह नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने में भी सक्रिय भूमिका निभाए। यदि किसी व्यक्ति को उसके विचारों या हस्तक्षेप के कारण खतरा महसूस होता है तो यह राज्य की जिम्मेदारी बनती है कि वह उसे सुरक्षा प्रदान करे और यह सुनिश्चित करे कि वह बिना भय के अपनी बात रख सके।

लोकतंत्र की असली ताकत केवल संस्थाओं की शक्ति में नहीं बल्कि उन संस्थाओं की सहिष्णुता और लचीलेपन में निहित होती है। जब स्वयं भारत का सर्वोच्च न्यायालय यह स्वीकार करता है कि उसके निर्णयों की आलोचना नागरिकों का अधिकार है तो यह एक व्यापक संदेश देता है कि लोकतंत्र में संवाद, असहमति और आलोचना कोई कमजोरी नहीं बल्कि उसकी सबसे बड़ी ताकत हैं।

ऐसे में ‘मोहम्मद दीपक’ का मामला एक अवसर भी है, एक ऐसा अवसर, जिसमें न्यायपालिका, राज्य और समाज मिलकर यह तय कर सकते हैं कि वे किस प्रकार के लोकतांत्रिक भविष्य की कल्पना करते हैं। क्या वह भविष्य ऐसा होगा, जहां अधिकार और प्रक्रिया एक-दूसरे के विरोध में खड़े हों या फिर ऐसा होगा जहां दोनों एक-दूसरे के पूरक बनकर नागरिकों के लिए अधिक न्यायपूर्ण और स्वतंत्र वातावरण तैयार करें। यही वह मूल प्रश्न है जिसका उत्तर इस प्रकरण के बहाने हमें सामूहिक रूप से तलाशना होगा।

You may also like