Country

डॉ अब्दुल कलाम पुरस्कार से सम्मानित किये गए इसरो के अध्यक्ष के. सिवन

भारतीय अंतरिक्ष अनुंसधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष के. सिवन को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी द्वारा आज तमिलनाडु सरकार के डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम पुरस्कार से सम्मानित किया गया। विज्ञान और प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने व महत्वपूर्ण योगदान के लिए सिवन को यह पुरस्कार देने की घोषणा पूर्व में की गई थी। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन के अध्यक्ष सिवन को पहले 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुरस्कृत किए जाने की योजना थी लेकिन ऐसा हो न सका। सरकार ने तब बताया था कि सिवन को बाद में मुख्यमंत्री पलानीस्वामी के हाथों यह पुरस्कार दिया जाएगा।

इसके बाद आज इसरो प्रमुख ने सचिवालय में पलानीस्वामी से मुलाकात की, जहां मुख्यमंत्री ने उन्हें पुरस्कार प्रदान किया। पुरस्कार में आठ ग्राम का स्वर्ण पदक, पांच लाख रुपये की नकदी और प्रशस्ति पत्र शामिल है।इससे पूर्व भी साल 1999 में डॉ विक्रम साराभाई रिसर्च अवार्ड से नवाजा जा चुका है। कलाम पुरस्कार उन लोगों को दिया जाता है जो विज्ञान और प्रौद्योगिकी, मानवता और छात्र कल्याण को बढ़ावा देने के लिए काम करते हैं तथा पुरस्कार पाने वाला व्यक्ति तमिलनाडु राज्य से होना चाहिए।

साथ ही प्रशस्ति पत्र में कहा गया है कि सिवन के नेतृत्व में इसरो ने गत 22 जुलाई को भारत के दूसरे चंद्र मिशन ‘चंद्रयान-2’ का सफल प्रक्षेपण किया था और वह ‘सितारा’, 6 डी ट्रेजेक्टरी सिमुलेशन सॉफ्टवेयर के मुख्य शिल्पी हैं। पूर्व राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम के निधन के बाद तमिलनाडु की तत्कालीन मुख्यमंत्री जयललिता ने उनके नाम पर इस पुरस्कार की घोषणा की थी।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

You may also like