कांग्रेस नेता राहुल गांधी अपने खिलाफ दर्ज आपराधिक मानहानि के दो मामलों में शुक्रवार को विभिन्न मजिस्ट्रेट अदालतों में पेश होंगे. इनमें से एक मामला कांग्रेस नेता द्वारा केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को ‘हत्या का आरोपी’ कहने से संबद्ध है. वहीं दूसरा मामला, राहुल के इस दावे को लेकर है कि आठ नवंबर 2016 को नोटबंदी के बाद पांच दिनों में अहमदाबाद जिला सहकारी बैंक में 745.58 करोड़ रुपये मूल्य के चलन से बाहर किये गये नोट बदले गए थे. अमित शाह इस बैंक के निदेशक हैं. इस मामले में एडीसी बैंक और उसके अध्यक्ष अजय पटेल ने मामला दायर किया था.