प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पहल ‘भारत की लक्ष्मी’ का प्रतिनिधित्व अब बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण करेंगी। पीएम नरेंद्र मोदी की इस पहल का मकसद दिवाली से पहले देशभर की महिलाओं के सराहनीय कार्य को सामने लाना है। पीएम ने महिला सशक्तीकरण को लेकर इस नए अभियान का वीडियो भी मंगलवार को साझा किया।
बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण और बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू को ‘भारत की लक्ष्मी’ का एंबेसडर बनाया गया है।
दीपिका और सिंधु ने अपने सोशल मीडिया पेज पर एक वीडियो साझा किया है। वीडियो में, इन दोनों आइकॉन्स को इस पहल के बारे में बात करते हुए देखा जा सकता है जिसका मकसद देशभर में महिलाओं द्वारा किए गए सराहनीय कार्यों को प्रकाश में लाना है।
पीएम ने ट्वीट किया, ”भारत की नारी शक्ति प्रतिभा एवं संकल्प, दृढ़ता और समर्पण का प्रतीक है। हमारे संस्कारों ने हमें हमेशा महिला सशक्तीकरण के प्रयास करना सिखाया है। इस वीडियो के माध्यम से पीवी सिंधू और दीपिका पादुकोण ने ‘भारत की लक्ष्मी’ पहल के संदेश को बेहतरीन ढंग से रखा है। पीएम की इस पहल को दीपिका और सिंधू ने भी समर्थन दिया।”
पीवी सिंधु ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा था, “समाज तब बढ़ता है जब महिलाओं को सशक्त बनाया जाता है और उनकी उपलब्धियों को सम्मान दिया जाता है! मैं नरेंद्र मोदी जी का और ‘भारत की लक्ष्मी’ आंदोलन का समर्थन करती हूं। यह भारत की असाधारण महिलाओं की असाधारण उपलब्धियों का उत्सव मनाती है। इस दिवाली चलो नारीत्व का जश्न मनाते हैं।”

