अयोध्या में सोहावल ब्लॉक के धन्नीपुर गांव में प्रस्तावित मस्जिद का मानचित्र तैयार कर लिया गया है। शनिवार को ही मस्जिद निर्माण के लिए पूरी योजना बना दी गई थी। जिसके चलते आगामी 26 जनवरी को मस्जिद निर्माण की शुरुआत की जाएगी। मस्जिद परियोजना के अंतरगत मस्जिद के अलावा एक अस्पताल, एक संग्रहालय, एक पुस्तकालय, एक सामुदायिक रसोईघर, एक इंडो-इस्लामिक कल्चरल रिसर्च सेंटर तथा एक प्रकाशन गृह के निर्माण की शुरुआत होगी। मस्जिद का मुख्य आकार गोलाकार होगा और इसमें एक साथ दो हजार नमाजियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसकी जानकारी आईआईसीएफ के सचिव अतहर हुसैन ने दी।
आईआईसीएफ ट्रस्ट के सचिव और प्रवक्ता अतहर हुसैन के द्वारा जारी एक बयान में कहा कि इंडो-इस्लामिक कल्चरल फाउंडेशन ( आईआईसीएफ ) की बैठक में, यह निर्णय लिया गया कि गणतंत्र दिवस को धन्नीपुर मस्जिद परियोजना की शुरुआत के साथ मनाया जाएगा। जिसमें एक अस्पताल, एक संग्रहालय, एक पुस्तकालय, एक सामुदायिक रसोईघर शामिल है। हुसैन ने बताया कि परियोजना का मुख्य उद्देश्य सामुदायिक सेवा करना और जलवायु परिवर्तन के प्रति जागरूकता फैलाना है।
उन्होंने कहा कि इस वजह से पूरे परियोजना क्षेत्र को पहले हरा-भरा किया जाएगा। इसी के मद्देनजर पूरे क्षेत्र में पौधारोपण के जरिए परियोजना की शुरुआत का फैसला किया गया है। याद रहे कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले साल नौ नवंबर को अयोध्या में रामजन्मभूमि पर राम मंदिर के निर्माण का मार्ग प्रशस्त किया था और केंद्र को सुन्नी वक्फ बोर्ड को मस्जिद निर्माण के लिए पांच एकड़ का भूखंड अन्यत्र आवंटित करने का निर्देश दिया था। जिसके अंतर्गत धन्नीपुर गांव में मस्जिद का निर्माण प्रस्तावित है।