पश्चिम बंगाल में जैसे -जैसे विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहे हैं, राजनीतिक दलों में सीधे टकराव और हिंसा की आशंकाएं उतनी ही ज्यादा बढ़ती जा रही हैं। हालत यह है कि अपने अस्तित्व और वर्चस्व की जंग में राजनीतिक पार्टियों के नुमांइदे यह तक ध्यान नहीं देना चाहते कि आखिर किसी खास मौके पर तो चुप रहें। आज जब पूरे देश में जब लोग महान स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की 125वीं जयंती मना रहे थे तो वहीं पश्चिम बंगाल की धरती पर भाजपा और टीएमसी कार्यकर्ता आपस में भिड़े हुए थे।
खास बात यह है कि कोलकाता में नेताजी की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी बेशक एक मंच पर दिखे, टीएमसी और बीजेपी दोनों ने नेताजी की जयंती को धूमधाम से मनाने का फैसला किया, लेकिन हावड़ा में इन दोनों पार्टियों के कार्यकर्त्ता आपस में भिड़ गए। हालंकि पुलिस ने अब हालात पर काबू पा लिया है। झड़प में बीजेपी के 2 कार्यकर्ता घायल हुए हैं।
खबर के मुताबिक, हावड़ा में तृणमूल समर्थकों ने कथित तौर पर बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया है। आरोप है कि तृणमूल के15-20 लोगों ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया, जिसमें भाजपा नेता चोटिल हो गए हैं और मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह का सिर फूट गया।
बता दें कि राज्य में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं, जिसको लेकर तृणमूल और बीजेपी के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। बीजेपी के एक स्थानीय नेता ने बताया कि मंडल अध्यक्ष मनोज सिंह पर कुछ लोगों ने हमला करके सिर फोड़ दिया। जब उन्हें थाने ले गए तो 15-20 लोगों ने बीजेपी के कार्यकर्ताओं पर हमला किया जिसमें एक को चोट आई है।
इसी हफ्ते बीजेपी नेता सुवेंद अधिकारी की रैली से पहले भी हमला किए जाने की घटना सामने आई थी। पूर्वी मेदिनीपुर के खेजुरी में आयोजित रैली में शामिल होने जा रहे बीजेपी कार्यकर्ताओं पर कथित तौर पर देसी बम और पत्थरों से हमला किया गया था।

