आंध्र प्रदेश की चंद्रबाबू नायडू सरकार और केद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई में एक बार फिर ठन गई है. सीबीआई ने कहा है कि राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार रोधी जांच एजेंसी (एसीबी) को गुप्त जानकारी लीक की, जिसकी वजह से कई संदिग्ध फरार हो गए. सीबीआई के प्रवक्ता ने कहा, ”आंध्र प्रदेश सरकार ने सीबीआई द्वारा जाल बिछाने की योजना की जानकारी अपने भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो को लीक की जबकि उससे जानकारी गुप्त रखने को कहा गया था.” उन्होंने कहा, ”आंध्र भ्रष्टाचार रोधी ब्यूरो के कारण केवल एक संदिग्ध पकड़ में आया जबकि अन्य फरार हो गये.” एक कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी की शिकायत के आधार पर सीबीआई को जीएसटी विशाखापट्टनम में तैनात एक अधिकारी को रंगे हाथ पकड़ना था. सीबीआई ने इस बाबत आंध्र प्रदेश सरकार को अति गोपनीय पत्र लिख कर अनुमति मांगी थी लेकिन परमीशन देने की जगह अपनी एसीबी से पकड़वा दिया. जिससे सीबीआई नाराज है.