Country

चुनाव के नाम रहा बीता वर्ष

 

सिंहावलोकन-2024/देश

बीते साल देश की अर्थव्यवस्था के लिए मिला-जुला रहा तो राजनीति लिहाज से चुनावों के नाम रहा। जहां एक ओर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार पीएम पद की शपथ ली वहीं राज्यों के चुनाव में कहीं सत्ता परिवर्तन देखने को मिला तो कहीं सत्ता बरकरार रखने में राजनीतिक पार्टियों को कामयाबी मिली। सबसे पहले बात करते हैं देश में हुए चुनावों की।

लोकसभा चुनाव
देश में 19 अप्रैल से लेकर 1 जून तक 7 चरणों में लोकसभा चुनाव 2024 के लिए वोटिंग हुई। 543 सीटों के लिए हुए चुनाव के परिणाम को 4 जून 2024 को जारी किया गया। इस चुनाव में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन को 292 सीटों पर जीत हासिल हुई और उसने आसानी से बहुमत हासिल कर लिया। वहीं विपक्षी दलों के अलायंस को 234 सीटों पर जीत हासिल हुई। ये मतदान साल 2024 की बड़ी राजनीतिक घटनाओं में से एक है।

लगातार तीसरी बार पीएम बने नरेंद्र मोदी
लोकसभा चुनाव में भाजपा के नेतृत्व में एनडीए गठबंधन की जीत के बाद 9 जून को नरेंद्र मोदी ने लगातार तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री के रूप में शपथ ली।

विपक्ष के नेता बने राहुल गांधी
लोकसभा चुनाव 2024 कांग्रेस नेता राहुल गांधी के लिए बेहद खास रहा। लोकसभा चुनाव 2019 में जहां राहुल गांधी को यूपी के अमेठी लोकसभा सीट से हार का सामना करना पड़ा था, वहीं इस बार उन्होंने अमेठी में वापसी के साथ वायनाड सीट भी बरकरार रखी और अमेठी की सीट से सांसद रहने का चयन किया। इस चुनाव में कांग्रेस 99 सीटें जीतने में सफल रही और राहुल लोकसभा में विपक्ष के नेता चुने गए।

अयोध्या में भाजपा की हार
लोकसभा चुनाव में भाजपा के लिए सबसे निराश करने वाला नतीजा अयोध्या में रहा। जिस अयोध्या में धूमधाम से राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा हुई, वहीं उसे हार मिली।

राम मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा
लम्बे समय से चला आ रहा राम जन्मभूमि-बाबरी विवाद आखिरकार वर्ष 2019 में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अयोध्या में समाप्त हो गया था। 22 जनवरी 2024 को मंदिर की प्राण-प्रतिष्ठा कर दी गई। इस ऐतिहासिक पल का पूरा देश साक्षी बना था।

इन हस्तियों को मिला देश का सर्वाेच्च सम्मान
बीते साल 2024 में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री रहे जननायक कर्पूरी ठाकुर, लालकृष्ण आडवाणी, पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और पीवी नरसिम्हा राव, वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया गया।

राज्यों के विधानसभा चुनाव
राज्यों के चुनावों की बात करें तो लोकसभा के साथ हुए उड़ीसा, अरुणांचल, सिक्किम और आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनाव में जहां अरुणाचल में बीजेपी को लगातार तीसरी बार बहुमत मिला वहीं सिक्किम में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा (एसकेएम) ने बाजी मारी तो आंध्र प्रदेश सत्ता परिवर्तन देखने को मिला।

आंध्र प्रदेश में टीडीपी की हुई वापसी
आंध्र प्रदेश विधानसभा चुनावों के नतीजों के हिसाब से तेलुगू देशम पार्टी को बहुमत से ज्यादा सीटें मिली और प्रदेश के नए मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू बने।

पटनायक युग का अंत, पहली बार बीजेपी सरकार
करीब ढाई दशक बाद उड़ीसा में पहली बार सत्ता परिवर्तन होने के साथ ही नवीन पटनायक युग का अंत हुआ तो प्रदेश में पहली बार बीजेपी सरकार बनी और मोहन चरण माझी सूबे के सीम बने।

अरुणाचल में फिर बीजेपी को मिला बहुमत
अरुणाचल में बीजेपी को लगातार तीसरी बार बहुमत मिला। विधानसभा चुनाव में 60 में से बीजेपी 46 सीट जीतने में सफल रही।

विपक्ष मुक्त हुई सिक्किम विधानसभा
विधानसभा चुनाव में 32 में सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा को 31 सीटों पर जीत मिली। हाल ही में दो सीटों पर हुए उपचुनाव में भी सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा के प्रत्याशियों ने निर्विरोध जीत दर्ज की। अब विधानसभा में विपक्ष का कोई भी विधायक नहीं है।

हरियाणा में भाजपा की हैट्रिक
उड़ीसा और अरुणाचल में चुनावी सफलता से गदगद भाजपा ने हरियाणा में भी लगातार तीसरी बार जीत दर्ज की।

जम्मू-कश्मीर को मिली निर्वाचित सरकार
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर ने 2024 में अपने राजनीतिक इतिहास में नया अध्याय लिखा क्योंकि 2019 में अनुच्छेद 370 को निरस्त करने और राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित करने के बाद यहां पहली बार विधानसभा चुनाव में नेशनल कॉन्फ्रेंस (एनसी) के नेतृत्व वाले गठबंधन ने 49 सीटें जीतकर बहुमत हासिल किया और पूर्व सीएम उमर अब्दुल्ला ने 16 अक्टूबर को केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहले मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली।

महायुति की जीत, सीएम बने फडणवीस
भाजपा नेतृत्व वाले महायुति गठबंधन ने महाराष्ट्र विधानसभा में बहुमत से जीत दर्ज की और देवेंद्र फडणवीस ने 10 साल में तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। ऐसा करने वाले वह भाजपा के पहले नेता हैं।

हेमंत सोरेन की सत्ता बरकरार
झारखंड विधानसभा चुनाव 2024 में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की। राज्य में साल भर तक चले राजनीतिक ड्रामा के बीच जेएमएम प्रमुख सोरेन अंत में सत्ता बरकरार रखने में कामयाब रहे।

अरविंद केजरीवाल का इस्तीफा
तिहाड़ जेल से बाहर आने के बाद आम आदमी पार्टी के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने 17 सितंबर को प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई और दिल्ली के सीएम पद से इस्तीफे का ऐलान कर दिया। केजरीवाल ने कसम खाई कि जब दिल्ली के लोग उन्हें क्लीन चिट दे देंगे तभी वह सीएम का पद स्वीकार करेंगे।

आतिशी बनीं दिल्ली की सीएम
एक नाटकीय घटनाक्रम के बाद पार्टी के विधायकों की बैठक में आतिशी का नाम दिल्ली के सीएम पद के लिए आगे लाया गया और इसपर सभी ने अपनी सहमति भी जताई।

हेमंत सोरेन को जेल
झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के लिए साल 2024 काफी उतार-चढ़ाव भरा रहा। उन्हें जनवरी में ही कथित घोटाले में जेल में डाल दिया गया। इसके बाद चम्पई सोरेन को झारखंड का सीएम बनाया। हालांकि बाद में उन्हें जमानत मिली और उन्होंने दोबारा झारखंड के सीएम का पद संभाला। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान चंपई सोरेन झामुमो छोड़ भारतीय जनता पार्टी के साथ चले गए।

प्रियंका गांधी का चुनावी पदार्पण
नेहरू-गांधी परिवार की एक अन्य सदस्य प्रियंका गांधी वाड्रा ने साल 2024 में राजनीतिक में सक्रिय रूप से पदार्पण किया। वायनाड लोकसभा सीट पर हुए उपचुनाव में कांग्रेस पार्टी ने प्रियंका गांधी को वायनाड सीट से प्रत्याशी के तौर पर उतारा और प्रियंका गांधी जीत हासिल कर पहली बाद संसद पहुंचीं।

सभापति पर अविश्वास प्रस्ताव
साल 2024 में शीतकालीन सत्र के दौरान इतिहास में पहली बार राज्यसभा के सभापति के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया। हालांकि यह प्रस्ताव उपसभापति ने तकनीकी और प्रक्रियागत वजहों से खारिज कर दिया लेकिन इससे सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच की बढ़ती हुई दूरी जरूर रेखांकित हुई।

तार-तार हुई संसद की गरिमा
देश की सबसे बड़ी पंचायत में बीते साल के आखिरी महीने में जिस तरह के दृश्य दिखे उनकी शायद ही किसी ने कल्पना नहीं की होगी। बाबा साहेब अम्बेडकर को लेकर की गई गृहमंत्री की एक टिप्पणी पर विपक्ष ने संसद के अंदर और बाहर तूफान खड़ा किया तो सत्ता पक्ष ने भी इसका जवाब देने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। नतीजे धक्का-मुक्की, अस्पताल में भर्ती और एफआईआर के रूप में सामने आए।

सरकार ने लिए ऐतिहासिक फैसले
एक सदी पुराने आपराधिक कानूनों को बदलकर आधुनिक और प्रौद्योगिकी आधारित आपराधिक न्याय प्रणाली शुरू करने के लिए नए कानूनों का क्रियान्वयन, विवादास्पद संशोधित नागरिकता अधिनियम (सीएए) को लागू करना और मणिपुर में हिंसा को रोकने के लिए कार्रवाई करना ये कुछ ऐसे प्रमुख कार्य रहे जिनमें वर्ष 2024 में केंद्रीय गृह मंत्रालय व्यस्त रहा।

नए आपराधिक कानून
नए कानून आधुनिक न्याय प्रणाली पर आधारित हैं, जिनमें ‘जीरो एफआईआर’, पुलिस शिकायतों का ऑनलाइन पंजीकरण, एसएमएस जैसे इलेक्ट्रॉनिक माध्यमों से समन और सभी जघन्य अपराधों के लिए घटनास्थलों की अनिवार्य वीडियोग्राफी जैसे प्रावधान शामिल हैं। तीन नए आपराधिक कानूनों-भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-ने क्रमशः औपनिवेशिक युग के भारतीय दंड संहिता, आपराधिक प्रक्रिया संहिता और 1872 के भारतीय साक्ष्य अधिनियम का स्थान लिया। नए कानून एक जुलाई से लागू हो गए हैं।

लागू किया गया सीएए
सीएए को मार्च 2024 में लागू किया गया था और मई में कानून के तहत 14 लोगों के पहले समूह को भारतीय नागरिकता प्रदान की गई थी।

मणिपुर में अफस्पा लागू
पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में शांति नहीं आ पा रही है। केंद्र सरकार ने संघर्षरत राज्य की नाजुक स्थिति को देखते हुए नवंबर 2024 में हिंसा प्रभावित जिरीबाम सहित मणिपुर के छह पुलिस थाना क्षेत्रों में सशस्त्र बल विशेष शक्तियां अधिनियम (अफस्पा) को फिर से लागू कर दिया।

आरबीआई से नहीं मिली राहत
व्यापार और उद्योग जगत की उम्मीदों के बावजूद भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) ने 2024 में नीतिगत ब्याज दरों में कटौती नहीं की। हालांकि उसने साल के आखिरी महीने में नकद आरक्षित अनुपात को 4.50 से घटाकर 4.25 फीसदी जरूर कर दिया। यह वह राशि होती है जो बैंकों को हर समय आरबीआई के पास रखनी होती है।

भरमार रही महंगाई की मार
2024 महंगाई के नाम रहा। अक्टूबर में महंगाई दर 6.21 फीसदी पर पहुंच गई जो 14 महीने का उच्चतम स्तर है। सब्जियों की बढ़ती कीमतों ने महंगाई दर के लिए आग में घी का काम किया। इस दौरान, आरबीआई महंगाई को नियंत्रित के नाम पर रेपो रेट पर सख्त रुख अपनाए रहा।

जीडीपी में गिरावट
घरेलू खपत बढ़ते निर्यात और सरकारी पहलों से उत्साहित होकर मार्च 2024 को समाप्त वित्तीय वर्ष में 8.2 प्रतिशत की शानदार जीडीपी ग्रोथ दर्ज की गई। हालांकि दूसरी तिमाही में यह गिरकर 5.4 फीसदी पर आ गई। आरबीआई को जीडीपी ग्रोथ के अनुमान को 7.2 से घटाकर 6.6 फीसदी करने के लिए मजबूर होना पड़ा।

कमजोर हुआ रुपया
ट्रेड सरप्लस और रिकॉर्ड विदेशी मुद्रा भंडार के बावजूद भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 85.06 के रिकॉर्ड कमजोर लेवल पर पहुंच गया। विशेषज्ञों का मानना है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व के आक्रामक रुख के कारण रुपया जबरदस्त दबाव में आ गया था इसलिए यह ऐतिहासिक गिरावट दर्ज की गई।

हाथरस भगदड़ कांड
2 जुलाई 2024 को उत्तर प्रदेश के हाथरस में सत्संग के दौरान भगदड़ मची जिसमें 123 लोगों की जान चली गई। इस सत्संग का आयोजन भोले बाबा उर्फ नारायण साकार हरि ने करवाया था।

जम्मू-कश्मीर आतंकी हमला
बीते साल जम्मू-कश्मीर में आतंकी हमले भी खूब हुए। खासकर जम्मू रीजन में। जम्मू के रियासी जिले के पौनी इलाके में 9 जून 2024 को आतंकवादियों ने बस को निशाना बनाया। बस शिव खोरी से कटरा जा रही थी तभी आतंकियों ने गोलीबारी की थी। हमले के बाद बस खाई में जा गिरी, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई थी।

कोलकाता रेप कांड
पश्चिम बंगाल के आरजी कर मेडिकल कॉलेज में 9 अगस्त 2024 की रात को हुई घटना ने पूरे देश को झकझोर दिया था। यहां एक महिला ट्रेनी डॉक्टर के साथ रेप के बाद उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। यह घटना देशभर के लोगों में आक्रोश का कारण बनी।

वायनाड भूस्खलन
केरल के वायनाड ने 30 जुलाई 2024 की रात को ऐसी प्राकृतिक आपदा झेली कि हर किसी का दिल दहल गया। भीषण त्रासदी में कई किलोमीटर तक का क्षेत्र तबाह हो गया। 231 से ज्यादा लोगों को जान गंवानी पड़ी। त्रासदी में लगभग 1200 करोड़ रुपए का नुकसान बताया गया।

प्रेमिका के 59 टुकड़े
कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में 3 सितंबर 2024 को महालक्ष्मी की हत्या हुई। वारदात को इतने जघन्य तरीके से अंजाम दिया कि जिसने भी सुना वो सहम गया। आरोपी ने अपनी प्रेमिका महालक्ष्मी की हत्या कर उसके शरीर के 59 टुकड़े कर दिए और उन्हें फ्रिज में रख दिया था।

तिरुपति लड्डू विवाद
तिरुपति मंदिर प्रसाद लड्डू विवाद 18 सितंबर 2024 को सामने आया। आरोप लगे कि तिरुपति के प्रसाद में मिलने वाले लड्डू में जानवरों की चर्बी का इस्तेमाल किया जाता है।

इंजीनियर सुभाष ने किया सुसाइड
साल 2024 के आखिरी महीने में एआई इंजीनियर अतुल सुभाष का सुसाइड सुर्खियों में रहा। सुभाष का 24 पेज का सुसाइड नोट और 90 मिनट का एक वीडियो भी सामने आया। इसमें मृतक ने अपनी पत्नी और उसके परिजनों पर उत्पीड़न, झूठे मुकदमे दर्ज करने का आरोप लगाया।

You may also like

MERA DDDD DDD DD