आईपीएल इतिहास के बाहरवें सीजन के खिताबी मुकाबले में दो सबसे सफल टीम के बीच फाइनल मुकाबला खेला गया। इस रोमांचक मैच में मुंबई ने चेन्नई को हराकर रिकॉर्ड चौथी बार खिताब अपने नाम किया।
हैदराबाद में चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियन्स के बीच खेले गए खिताबी मुकाबले में हार जीत का फैसला आखिरी गेंद पर हुआ। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई इंडियन्स ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट पर 149 रन बनाकर धोनी के धुरंधरों के सामने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य रखा था। लेकिन सीएसके की टीम अंतिम गेंद पर 2 रन नहीं बना सकी और मुंबई ने महज एक रन के अंतर से खिताब अपने नाम कर लिया।
रोहित शर्मा की कप्तानी में मुंबई इंडियन्स का ये चौथा खिताब है। इससे पहले मुंबई ने साल 2013, 2015 और 2017 में रोहित की कप्तानी में चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स को हराकर खिताबी हैट्रिक पूरी की थी। एक बार फिर मुंबई पलटन ने चेन्नई के सुपर किंग्स को मात देकर खिताबी चौका जड़ दिया। इस तरह तीन खिताब जीतने वाली चेन्नई को पछाड़कर आईपीएल के 12 साल के लंबे इतिहास की सबसे सफल टीम भी बन गई।
भले ही मुंबई का ये चौथा खिताब है लेकिन रोहित शर्मा ने बतौर खिलाड़ी पांचवीं बार आईपीएल ट्रॉफी जीती है। वो आईपीएल में सबसे ज्यादा खिताब जीतने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। रोहित ने साल 2009 में पहला आईपीएल खिताब बतौर खिलाड़ी डेक्कन चार्जर्स के लिए जीता था। 2008 से 2010 तक वो इस टीम के सदस्य थे लेकिन इसके बाद साल 2011 में मुंबई ने उन्हें अपनी टीम में शामिल कर लिया। 2013 में पहली बार रोहित के हाथों में टीम की कमान सौंपी गई। इसी साल रोहित ने धमाका करते हुए टीम को पहली बार आईपीएल चैंपियन बना दिया।
मैच में जहां रोहित की कप्तानी वाली मुंबई विजेता बनी तो वहीं धोनी की कप्तानी वाली चेन्नई उपविजेता रही। हालांकि विजेता और उपविजेता टीम दोनों को ही मैच के बाद भारी भरकम इनामी राशि दी गई।
रोहित की कप्तानी वाली मुंबई को आईपीएल 2019 का चैंपियन बनने पर 20 करोड़ रुपए का चेक दिया गया।इसके अलावा धोनी की कप्तानी वाली उपविजेता चेन्नई को 12.5 करोड़ रुपए के इनामी चेक से सम्मानित किया गया।
पिछले 11 साल में आईपीएल की ईनामी राशि 300 फीसदी बढ़ी है। पहले सत्र के विजेता को 2008 में 4.8 करोड़ रुपए मिले थे। वहीं 2015 में 15 करोड़ और पिछले साल से यह राशि बढ़ाकर 20 करोड़ रुपए कर दी गई। इन दोनों टीमों के अलावा तीसरे नंबर वाली दिल्ली की टीम को 10.5 करोड़ और चौथे स्थान वाली हैदराबाद की टीम को 8.75 करोड़ रुपए का इनाम दिया गया।