जहां इस वक्त पूरा देश कोरोना के विरुद्ध युद्धस्तर पर लड़ाई लड़ रहा है वहीं ऐसे समय में दो राज्यों से राहत भरी खबर आई है। गोवा के बाद अब मणिपुर भी कोरोना के संक्रमण से मुक्त हो गया है। मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बीरेन सिंह ने यह सूचना ट्वीट कर दी।
उन्होंने कहा, “मुझे यह बताते हुए काफी खुशी हो रही है कि अब मणिपुर भी कोरोना से मुक्त हो गया है। सभी मरीज पूरी तरह से ठीक हो चुके हैं और उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। राज्य में वायरस का कोई नया मामला भी सामने नहीं आया है।”
मणिपुर में कोरोना संक्रमण के दो मामले ही सामने आए थे। दोनों का टेस्ट हुआ और दोनों की रिपोर्ट निगेटिव आई और अब मणिपुर भी कोरोना से मुक्त हो चुका है।
I am glad to share that Manipur is now Corona free. Both patients have fully recovered and have tested negative. There are no fresh cases of the virus in the state: Manipur CM N Biren Singh pic.twitter.com/5d9xR7kg8g
— ANI (@ANI) April 20, 2020
मणिपुर राज्य की पहली संक्रमित मरीज 23 साल की महिला थी। जो हाल ही में ब्रिटेन से लौटी थी। तो वहीं 65 साल का दूसरा मरीज दिल्ली के निजामुद्दीन में तब्लीगी जमात में शामिल हुआ था। उसके बाद वह कोरोना से संक्रमित हो गया था। गोवा में कोरोना वायरस से संक्रमित सभी सात मरीज अब ठीक हो चुके हैं और सभी अस्पताल से डिस्चार्ज हो चुके है।
राज्य के स्वास्थ्य मंत्री विश्वजीत राणे ने 19 अप्रैल, रविवार को यह सूचना देते हुए कहा कि इसके साथ ही अब गोवा में भी कोरोना का कोई सक्रिय मरीज नहीं है। मतलब कि गोवा भी अब कोरोना से मुक्त हो गया है।
राणे ने कहा कि सातों मामलों में अंतिम मरीज का तीन अप्रैल को पता चला था। सभी मरीजो का इलाज हुआ और रिपोर्ट निगेटिव आने पर उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया है।
राणे ने ख़ुशी जताते हुए एक ट्वीट में लिखा कि यह घोषणा करने हमें बेहद गर्व महसूस हो रहा है कि अब गोवा में कोरोना से संक्रमित केस की एक भी संख्या नहीं रही।
उन्होंने आगे कहा, “अब जबकि राज्य में कोरोना का एक भी एक्टिव मामला नहीं है, यह हमारी जिम्मेदारी है कि लॉकडाउन का पालन करते रहें, सामाजिक दूरी बनाए रखें, जांच की दायरा बढ़ाएं और केंद्र व राज्य सरकार द्वारी जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें।”
उन्होंने मेडिकल स्टाफ और चिकित्सकों का आभार जताया और कहा कि इस संकट के समय में राज्य में कोरोना के प्रसार को रोकने के लिए इन सभी के सहयोग से ही सफलता मिल पाई है।

