आगामी आम चुनाव को लेकर उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की नजर उन उम्मीदवारों पर है जो चुनाव में पार्टी को जीत दिला सकें। इस बीच एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जिसके बाद गाजीपुर सीट को लेकर अटकलें लगाई जा रही हैं कि पार्टी ने यहां अपना उम्मीदवार लगभग तय कर लिया है। कहा जा रहा है कि सपा अफजल अंसारी को गाजीपुर से चुनाव मैदान में उतार सकती है। अफजल सपा के टिकट पर चुनाव लड़ सकते हैं। इस बात के कयास हाल ही में बहुजन समाज पार्टी के पूर्व सांसद अंसारी की बेटी की शादी में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव के शामिल होने बाद से लगाए जा रहे हैं। इस दौरान अखिलेश के साथ चाचा शिवपाल यादव, पूर्व मंत्री ओम प्रकाश सिंह, विधायक वीरेंद्र यादव, विधायक जयकिशन साहू और जिला अध्यक्ष गोपाल यादव भी मौजूद थे। जिसके बाद सियासी गलियारों में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। अंसारी की बेटी की शादी लखनऊ में हुई थी। इस समारोह में समाजवादी कुनबे के बड़े नेताओं के साथ अखिलेश यादव जिस तरह इस शादी में शामिल हुए उससे इस बात के प्रबल संकेत मिल रहे हैं कि सपा अफजल अंसारी को गाजीपुर से आम चुनाव के मैदान में उतार सकती है। चर्चा है कि अफजाल का झुकाव भी इन दिनों सपा की ओर दिखाई दे रहा है। चर्चा यह भी गरम है कि सपा नेतृत्व कई अन्य दिग्गज बसपा नेताओं के संपर्क में है और उन्हें सपा से चुनाव लड़ाने का प्रयास कर रहा है।
साइकिल पर सवार हो सकते हैं अफजल

