बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बहू और उनके पुत्र तेजप्रताप की पत्नी ऐश्वर्या की आपसी लडाई का मामला अब सडको पर आ गया है। ऐश्वर्या ने आपबीती बताते हुए कहा कि राबड़ी देवी ने मेरे बाल खींचे और मुझे पीटा। उसके बाद मुझे आवास में तैनात बॉडीगार्डों के जरिए घर से जबरन बाहर निकाला। बता दें कि ऐश्वर्या राय द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी पर सामान छीनने और मारपीट का आरोप लगाने के बाद मामला पुलिस तक पहुंच गया है। पुलिस ने राबड़ी देवी के आवास पर पहुंचकर मामले की जांच की। इसके बाद देर रात लालू के परिवार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

ऐश्वर्या के साथ की गई मारपीट के मामले में रविवार की देर रात पूर्व सीएम राबड़ी देवी, तेज प्रताप व मीसा भारती के खिलाफ महिला थाने में घरेलू हिंसा अधिनियम के तहत नामजद एफ.आई.आर दर्ज कर ली गई। गौरतलब है कि लालू प्रसाद यादव के पुत्र तेजप्रताप यादव और उनकी पत्नी एश्वर्या राय के बीच कोर्ट में तलाक का मामला लंबे समय से चल रहा है।
पुलिस अधिकारी आरती जायसवाल के अनुसार ऐश्वर्या का गर्दनीबाग में मेडिकल कराया गया। जांच में ऐश्वर्या के हाथ में चोट लगने तथा बाल खींचने की बात सामने आयी है। मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही इस पूरे मामले से वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।