चीन के वुहान शहर जहां से कोरोना वायरस फैला, वहां पर जिंदा जानवरों का बाजार फिर से खुल गया है। इस बाजार में जीवित जंतुओं को बेचने वाले लोग वापस अपनी दुकानें लगाने लगे हैं। जिस बाजार से कोरोना वायरस फैलने की बात कही जाती है, उसका नाम है द हुआनान सीफूड होलसेल मार्केट। यह बाजार अब थोड़ी दूर जाकर नई जगह पर हैं।
चीन की सरकार ने बाजार को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया है। अब हुआनान सीफूड मार्केट उत्तरी हानकोउ सीफूड मार्केट के साथ लग रहा है। यहां पर जिंदा क्रेफिश और शेलफिश मिल रही हैं। नई जगह पर बाजार लगाने वाले दुकानदारों ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वे कुछ दिनों बाद वापस अपनी पुरानी जगह पर बाजार लगा पाएंगे।
आपको यहां पर मुर्गा, सुअर, गाय, भैंस, लोमड़ी, कोआला, कुत्ता, मोर, शाही, भेड़िये के बच्चे, बतख, खरगोश, शुतुरमुर्ग, चूहे, हिरण, सांप, कंगारू, मगरमच्छ, बिच्छू, कछुआ, ऊंट, घड़ियाल, गधे, मेंढक, ईल, याक का सिर, कीड़ों समेत हर प्रकार के जीवों का मांस मिलता है।
चीनी लोगों को जिस अंग की जरूरत होती है उसी अंग को खरीदते हैं। जिन अंगों की खरीद नहीं होती उनका कचरा कई घंटों के लिए उसी बाजार में पड़ा रहता है। इसी मांसाहारी कचरे की वजह से कई बीमारियां फैलने का खतरा रहता है। आखिरकार यही हुआ भी, गंदगी के बीच बिक रहे एक जानवर से पहले वायरस सांप में गया। फिर सांप खाने की वजह से चीन के किसी इंसान में आया।
हुआनान सीफूड होलसेल मार्केट से ही कोरोना वायरस के फैलने की बात सबसे पहले सामने आई थी। उसके बाद 1 जनवरी को इस बाजार को बंद कर दिया गया था। इस बाजार में उन सभी जानवरों का मांस मिलता है जिसे इंसान खा सकता हो या उसे खाने की इच्छा रखता हो।

