देश में कोराना महामारी में तेजी से सुधार हो रहा है। बीते 24 घंटों में देश में 11 हजार नए कोरोना मामले सामने आए हैं। भारत में कोरोना से ठीक होने वाले मरीजों की संख्या बढ़कर 97 फीसद को पार कर गई है। इसके साथ ही सक्रिय मामले भी लगातार कम हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, देश में बीते 24 घंटों में कोरोना वायरस के 11हजार 39 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 110 लोगों की मौत हुई है।जबकि देश में कोरोना संक्रमण के अब तक कुल 1 करोड़ 7 लाख 77 हजार 284 मामले सामने आए हैं। हालांकि, इसमें से 1 करोड़ 4 लाख 62 हजार 631 लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं। फिलहाल 1 लाख 60 हजार 57 एक्टिव केस हैं। देश में अब तक 1 लाख 54 हजार 596 लोगों की कोरोना से मौत हो चुकी है। इस बीच राहत भरी खबर यह है कि अंडमान निकोबार देश का पहला राज्य या केंद्र शासित प्रदेश बन गया है जो आधिकारिक रूप से कोरोना मुक्त हो गया है। फिलहाल इस समय आइलैंड में कोरोना का एक भी सक्रिय मामला नहीं है। स्वास्थ्य विभाग की वेबसाइट के अनुसार, अंडमान में आखिरी चार कोरोना संक्रमित मरीज पूरी तरह रिकवर हो गए हैं। प्रदेश में कुल 4 हजार 932 कोरोना केस सामने आए जबकि 62 लोगों की मौत हुई है ।
प्रदेश पिछले एक हफ्ते से एक भी केस नहीं
अंडमान निकोबार में पिछले 7 दिनों से एक भी नया मामला सामने नहीं आया है। पिछले 24 घंटे में संक्रमण से किसी भी मरीज की मौत नहीं हुई है और मृतकों की संख्या भी 62 बनी हुई है।
केरल में सबसे अधिक मामले
पहली बार देश के रोजाना कोरोना मामलों में 50 फीसदी से अधिक केरल से आए हैं। देश में 11हजार 24 ताजा मामले आए जिनमें से 5 हजार 716 अकेले केरल से हैं यानी कुल आंकड़ों का 51.8 फीसदी है । राज्य में कोरोना के सक्रिय मामले भी पूरे देश में सबसे अधिक हैं। यहां इस समय 69 हजार 157 सक्रिय मामले हैं जबकि पूरे देश में 1 लाख 61 हजार सक्रिय मामले हैं।
बीते नौ महीनों में सबसे कम केस
एक फरवरी को कोरोना के नए मामले नौ महीने में सबसे कम 8 हजार 584 मामले थे। वीकेंड में कम टेस्टिंग और स्टाफ की कमी के चलते हर सोमवार को कोरोना के मामलों में गिरावट देखने को मिलती है। हालांकि बाकी दिन कोरोना के नए केस 11 हजार से अधिक रहे।
दिल्ली में कल दो फरवरी को सिर्फ 2 की मौत
राष्ट्रीय राजधानी में मृतकों की संख्या में कल दो फरवरी को सोमवार एक फरवरी से इजाफा देखने को मिला। कल दो फरवरी को 112 लोगों की कोरोना से जान गई जबकि एक फरवरी को 94 लोगों की मौत हुई थी। यह भी 9 महीने में मौत का सबसे कम आंकड़ा था। दिल्ली में कल दो फरवरी को सिर्फ 2 लोगों की मौत हुई। दिल्ली में मई के बाद यह सबसे कम आंकड़ा है।
महाराष्ट्र में सबसे अधिक मौत
मौत के मामले में महाराष्ट्र लगातार पहले नंबर पर बना हुआ है। कल मंगलवार दो फरवरी को यहां 30 लोगों की जान गई। हालांकि राज्य में पिछले 8 दिनों में सबसे कम 1 हजार 927 नए केस सामने आए। लगातार दूसरे दिन मुंबई में 400 से कम केस सामने आए। राज्य में सक्रिय मामलों की संख्या घटकर 41 हजार 586 हो गई है जिसमें से 5 हजार 530 केस मुंबई में हैं।