मणिपुर के मुख्यमंत्री एन.बीरेन सिंह से भाजपा आलाकमान परेशान हो चला है। राज्य में मैती-कुकी समुदायों के मध्य विवाद बीते डेढ़ बरस से शांत होने का नाम नहीं ले रहा है। 2023 से जारी हिंसा में दो सौ से अधिक नागरिक मारे जा चुके हैं और 65 हजार के करीब विस्थापना का शिकार हो चुके हैं। बीरेन सिंह मैती समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन पर आरोप है कि वे अपने समुदाय को कुकी समुदाय के खिलाफ उकसाते भी हैं और मैती उपद्रवियों को संरक्षण भी देते हैं। राज्य के हालात बेहद विकट हैं, इतने विकट कि तमाम आलोचनाओं बाद भी पीएम मोदी अभी तक मणिपुर का दौरा करने नहीं गए हैं। खबर गर्म है कि अब भाजपा आलाकमान ने राज्य में नेतृत्व परिवर्तन का फैसला कर लिया है। खबर यह भी जोरों पर है कि नए मुख्यमंत्री की शपथ बाद ही पीएम राज्य का दौरा करेंगे। राज्य के 19 भाजपा विधायकों ने पार्टी आलाकमान को बीरेन सिंह के खिलाफ पत्र तक लिख डाला है। सूत्रों का कहना है यह पत्र केंद्रीय नेतृत्व के ईशारे पर ही लिखा गया है ताकि बीरेन सिंह को हटाए जाने की कवायद शुरू की जा सके। चर्चा जारों पर है कि विधानसभा के स्पीकर थोंगम बिस्बजीत को पार्टी नेतृत्व नया मुख्यमंत्री बनाए जाने पर विचार कर रहा है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD