Country

भाजपा का चाल,चरित्र,चेहरा: मोदी के साथ माफिया के लगे होर्डिंग

 

देश और प्रदेश की सत्ता पर भाजपा राज कायम है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए संकल्पबद्ध है तो दुसरी तरफ उत्तर प्रदेश में माफियाओं पर योगी सरकार कहर बनकर टूट रही है। इस तरह देश और सूबे पर सत्तासीन पार्टी भाजपा ‘डबल इंजन’ की सरकार होने के साथ ही ‘जीरो टाॅलरेंस’ के नारे को फलीभूत करने का दावा कर रही है। लेकिन मोदी और योगी की पार्टी के विधायक और उनके भाई – भतीजे उनके इस दावे को दरकिनार कर भूमाफियाओं को महिमामंडित करने में जुटे हुए है। जिस पाक चाल, चरित्र और चेहरे को लेकर भाजपा ‘मिशन इंडिया’ में जुटी है, उसको पार्टी के स्थानीय विधायक ही नापाक करने पर तूले है।

पिछले एक साल से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी शाहबेरी कांड को लेकर बहुत गंभीर है। योगी ने शाहबेरी कांड में बेमौत मारे जा चुके 9 लोगों के आरोपियों पर सख्त से सख्त कार्यवाही करने के आदेश दिए थे। लेकिन वही दूसरी तरफ स्थानीय भाजपा नेता शाहबेरी कांड के आरोपियों के लिए ढाल बनकर सामने आए है। चर्चा है कि भाजपा के स्थानीय विधायक ने तो शाहबेरी कांड के आरोपी को बचाने की एवज में एक फाॅरचुनर गाडी तक ले ली थी। भाजपा के उसी भूमाफिया की फाॅरचूनर में विधायक बडी शान से सवारी भी करते देखे जाते है।

चौकाने वाली बात यह है कि भाजपा से जुडे इस भूमाफिया मूलचंद शर्मा पर शाहबेरी कांड में मरे 9 लोगों की मौत पर 28 जुलाई 2018 को आरोपी मानते हुए बिसरख थाना में अपराध संख्या 618/ 2018 में रिपोर्ट दर्ज हो चुकी है।यह रिपोर्ट एक साल पूर्व ही दर्ज हो चुकी है। लेकिन पुलिस ने अभी तक भी भाजपा से जुडे भूमाफिया को गिरफ्तार तक नहीं किया है। पुलिस इस भूमाफिया की गिरफ्तारी के लिए छापे भी मार रही है। फिलहाल वह फरार चल रहा है। मजे की बात यह है कि भाजपा से जुडा यही भूमाफिया अब पूर्व केन्द्रीय मंत्री और गौतमबुद्ध नगर के भाजपा सांसद डाॅ.महेश शर्मा के जन्मदिवस कार्यक्रम के हार्डिंग में दिखाई दे रहा है। हालांकि पूर्व में यही भूमाफिया दादरी के स्थानीय विधायक मास्टर तेजपाल नागर और पूर्व केंद्रीय मंत्री डाॅ.महेश शर्मा के साथ अपना फोटो चस्पा करके स्वंतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए होर्डिंग भी लगवा चुका है।

नोएडा में कल आयोजित होने वाले पूर्व केन्द्रीय मंत्री के जन्मदिवस कार्यक्रम के हार्डिंग में जहा एक तरफ देश के कर्णधार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और देश के गृह मंत्री अमित शाह की फोटो लगी है वही उसी पंक्ति में दुसरी तरफ भाजपा से जुडे भूमाफिया की फोटो चस्पा की गई है। पूर्व केंद्रीय मंत्री के जन्मदिवस कार्यक्रम के होर्डिंग में एक तरफ मोदी और अमित शाह तो दूसरी तरफ एक भूमाफिया की तस्वीर देखकर हर कोई हैरत में है। हैरत की बात यह भी है कि भाजपा के जिस कार्यकर्ता विपिन नागर ने यह होर्डिंग छपवाए है वह स्थानीय विधायक तेजपाल नागर का भतीजा बताया जा रहा है।

गौरतलब है कि शाहबेरी कांड को लेकर शासन के कड़े रुख के बाद जांच और कार्रवाई में तेजी लाने के लिए एसएसपी की तरफ से दो माह पूर्व स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। गौतमबुद्ध नगर के एसएसपी ने इसकी कमान इंस्पेक्टर प्रदीप त्रिपाठी को सौंप दी थी । उनकी टीम में 4 से 5 तेजतर्रार पुलिसकर्मियों को रखा गया है, जो इस मामले की गहनता से जांच कर रिपोर्ट तैयार कर रहे है ।

मालूम हो कि शाहबेरी में पिछले साल 17 जुलाई की रात दो अवैध इमारतें गिर गईं थीं। जिनके मलबे में दबकर 9 लोगों की मौत हो गई थी। घटना के बाद कई एफआईआर दर्ज हुईं थीं। इन मामलों में पुलिस की तरफ से लापरवाही बरती गई। इस पर एसएसपी वैभव कृष्ण ने दो माह पूर्व पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों को जमकर फटकार लगाई थी। उन्होंने यहां तक कहा था कि पुलिस अधिकारी भूमाफिया और बिल्डरों से रिश्तेदारी न निभाएं। इसी के चलते एसएसपी ने शाहबेरी मामले की जांच के लिए एसआईटी का गठन किया था। नोएडा सेक्टर-24 थाने के एसएचओ रहे प्रदीप त्रिपाठी को इस मामले की जांच की कमान सौंपी गई थी । उनकी टीम शाहबेरी को लेकर दर्ज सभी मामलों की गहनता से जांच कर रही है। जिसमें कई भुमाफियाओं पर कार्यवाही करते हुए उन्हें जेल भेजा जा चुका है। लेकिन एसआईटी भी भाजपा से जुडे भूमाफिया मूलचंद शर्मा का बाल बाका नही कर पाई है।

शाहबेरी कांड में भाजपा से जुडा नेता मूलचंद शर्मा ग्रेटर नोएडा के वैदपुरा का निवासी है। उसके खिलाफ ग्रेटर नोएडा अथॉरिटी की ओर से एक साल पहले 2018 में रिपोर्ट दर्ज कराई जा चुकी थी। अथॉरिटी अधिकारियों के अनुसार, वह करीब 500 अवैध फ्लैट का निर्माण करके बेच चुका है। वहीं, जानकारों का कहना है कि वह 10 से 15 हजार फ्लैट का अवैध निर्माण कर चुका है। शाहबेरी में सबसे अधिक अवैध निर्माण उसी ने कराए है। मूलचंद शर्मा भाजपा से जुड़ा है। भाजपा के कई बड़े नेता उसके करीबी हैं। एक विधायक तो उसके द्वारा गिफ्ट की हुई फाॅरचुरन गाडी में सीना चौडा करके सवारी करते है। चर्चा है कि भाजपा के एक नेता ने उसके साथ पार्टनरशिप में भी शाहबेरी में अवैध निर्माण कराया था। अब तक पुलिस भूमाफिया मूलचंद शर्मा को गिरफ्तार नहीं कर सकी है। ऐसे में लोग सवाल उठा रहे हैं कि स्थानीय भाजपा विधायक की शह पर पुलिस आखिर मूलचंद शर्मा को गिरफ्तारी करने से बच रही है । एक तरफ फरार भूमाफिया को पुलिस ढुंढ रही है तो दूसरी तरफ स्थानीय विधायक और उसके परिवार के लोग भूमाफिया को होर्डिंग पर मोदी और अमित शाह के साथ चस्पा करके भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा दिखा रहे है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD