“भाजपा नेता हनसा नेगी अभी भी हमारी हिरासत में है । उस पर हम 107, 16 की कार्रवाई कर रहे हैं । साथ ही उस पर बांड भरवा रहे हैं कि आगे से वह कोई ऐसी कार्रवाई ना करें जिससे हमें उसे जेल भेजना पड़े । फिलहाल हम उसे चेतावनी देकर छोड़ रहे हैं ।वह कल रात से ही न्यायिक हिरासत में है । उसने हमारे पटवारी सुभाष सिंह साह के साथ बदतमीजी की थी । जिसके चलते उसे हिरासत में रखा गया है ।”
यह कहना है शल्ट के उप जिलाधिकारी राहुल शाह का । मामला देवभूमि उत्तराखंड के अल्मोड़ा जनपद अंतर्गत सल्ट तहसील का है । जहां जांख गांव के एक व्यक्ति ने गांव में पंचायत चुनाव के दौरान शराब बांटे जाने की शिकायत राजस्व पुलिस से की थी । स्थानीय राजस्व पुलिस मामले की शिकायत पर जांख गांव पहुंची । जहां शराब बांटते हुए कोई भी मौके पर नहीं मिला । जब राजस्व कर्मियों की टीम गांव में निरीक्षण करके लौट रही थी तभी भाजपा के जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लड़ रहे हनसा नेगी ने रास्ते में राजस्व टीम को रोक लिया ।
हम सब लोग जब जांख गांव से वापस आ रहे थे तभी हनसा नेगी ने हमारी गाड़ी को रोक लिया था । वह हमारे पटवारी सुभाष सिंह साह से उलझ पड़े । इसके बाद जब हनसा नेगी पटवारी से बदतमीजी करने लगा तो मैं वहां से कुछ दूर जाकर एक महिला से बात करने लगी । उसके बाद मामला एसडीएम साहब के पास पहुंच गया । फिलहाल एसडीएम साहब मामले की कार्रवाई कर रहे हैं ।
– शबाना रिजवी, पटवारी
बताते हैं कि नेगी ने इस दौरान टीम के साथ कहासुनी की और स्थानीय पटवारी सुभाष सिंह साह के साथ बदतमीजी भी की ।राजस्व टीम में पटवारी शबाना रिजवी भी मौजूद थी । इसके साथ ही सभी लोगों ने हनसा नेगी के खिलाफ धक्का-मुक्की करने और उनके साथ बदतमीजी करने सरकारी काम में बाधा डालने की शिकायत शल्ट के उप जिलाधिकारी राहुल शाह से की ।राहुल साह ने कल रात ही इस मामले की शिकायत करने के बाद हंसा नेगी को हिरासत में ले लिया । नेगी पूरी रात शल्ट के तहसील में न्यायिक हिरासत में रहा । आज शाम समाचार लिखे जाने तक वह शल्ट उप जिलाधिकारी राहुल शाह की हिरासत में है ।

भाजपा नेता के इस कारनामे की पूरे प्रदेश में चर्चा है । लोग कह रहे हैं कि दबंग नेता हनसा नेगी को बचाने के लिए भाजपा के एक विधायक ने पूरी जान लगा दी ।आजकल हनसा नेगी इस विधायक के संरक्षण में राजनीति का ककहरा पढ रहा है । भाजपा विधायक हनसा नेगी को ब्लाक प्रमुख का चुनाव लड़ाने की मंशा पाले हुए हैं । फिलहाल हनसा खुद संदेहास्पद परिस्थितियों में निर्विरोध क्षेत्र पंचायत सदस्य बन चुका है। जबकि वह अपनी बीवी रेखा नेगी को भी क्षेत्र पंचायत सदस्य का चुनाव लडा रहा है। हनसा नेगी पूर्व के आम लोकसभा चुनाव में जिला बदर रह चुका है। सभी लोग जानते हैं कि हनसा नेगी का दबंग होना उसके लिए कितना घातक साबित हो सकता है । देवभूमि के मतदाता शांतिप्रिय है और माफिया एवं दबंग लोगों से दूरी बनाने में ही अपनी भलाई समझते हैं।


