केंद्र सरकार ने फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत केस की जांच सीबीआई को ट्रांसफर कर दी है। सर्वोच्च न्यायालय में केंद्र सरकार के अधिवक्ता सोलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने इस बात की जानकारी दी है।
दरअसल, बिहार सरकार ने इस मामले की सीबीआई जांच की सिफारिश की थी, इस पर रिया चक्रवर्ती के वकील श्याम दीवान ने आपत्ति जताई थी कि चूंकि यह मामला बिहार सरकार के अधिकार क्षेत्र में नहीं है, लिहाजा वह इसकी सीबीआई जांच की सिफारिश नहीं कर सकती। ऐसे में अदालत पूरे मामले पर रोक लगाए।

श्यामा दीवान का तर्क था कि बिहार में दर्ज एफआईआर को मुंबई ट्रांसफर किया जाना चाहिए। क्योंकि मुंबई पुलिस इस मामले में अब तक 59 लोगों की गवाही दर्ज कर चुकी है। महाराष्ट्र सरकार का भी इस मामले में यही स्टैंड था कि मुंबई पुलिस को ही जांच करने दी जाए, दो राज्यों की पुलिस जांच नहीं कर सकती। जबकि सुशांत के पिता ने कहा कि मुंबई पुलिस ठीक से जांच नहीं कर रही है। उन्हें महाराष्ट्र पुलिस पर भरोसा नहीं है।
बहरहाल सुप्रीम कोर्ट में केंद्र ने स्पष्ट कर दिया है कि जांच सीबीआई को सौंप दी गई है। सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र सरकार को कहा है कि वह जांच संबंधी सभी सबूतों को सुरक्षित रखे। कोर्ट ने कहा है कि सीबीआई जांच को लेकर महाराष्ट्र सरकार जवाब दे, जांच कौन करेगा यह हम तय करेंगे।

