बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले सीबीआई ने छह लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया है। सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती और उनके भाई शोविक चक्रवर्ती का नाम भी एफआईआर में शामिल है।
आईपीसी की धारा 306, 341, 342, 420, 406 और 506 के तहत सीबीआई ने ये मामला दर्ज किया है। सीबीआई की एफआईआर में रिया चक्रवर्ती, शोविक चक्रवर्ती, इंद्रजीत चक्रवर्ती, संध्या चक्रवर्ती, सैमुअल मिरांडा, श्रुति मोदी और अन्य के नाम शामिल हैं।
रिया चक्रवर्ती के आपराधिक साजिश, सुशांत को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप हैं। बता दें कि सुशांत के पिता के.के. सिंह ने भी पटना में रिया चक्रवर्ती के खिलाफ एक एफआईआर दर्ज कराया है।
सीबीआई प्रवक्ता ने बताया कि बिहार सरकार के अनुरोध पर एजेंसी ने मामला दर्ज किया है और केंद्र सरकार ने अधिसूचना जारी किया है। अधिकारी ने कहा कि बिहार पुलिस की प्राथमिकी छह आरोपियों और अन्य के खिलाफ दर्ज की गई थी।
सीबीआई ने मामले को अपनी विशेष जांच टीम (एसआईटी) शाखा को सौंप दिया है, जिसने पहले हाई प्रोफाइल मामलों जैसे 3,600 करोड़ रुपये के अगस्ता वेस्टलैंड वीवीआईपी हेलिकॉप्टर सौदे और शराब कारोबारी विजय माल्या के धोखाधड़ी मामले की जांच की थी।
पुलिस अधीक्षक नूपुर प्रसाद के नेतृत्व में विशेष जांच दल मामले की जांच करेगा जिसकी निगरानी डीआईजी गगनदीप गंभीर और संयुक्त निदेशक मनोज शशिधर करेंगे। दोनों ही गुजरात कैडर के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी हैं।
अवैध खनन मामले में नूपुर प्रसाद भी समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव की कथित भूमिका की जांच कर रहे थे। नूपुर वर्तमान में श्रीजन घोटाले और पत्रकार उपेंद्र राय मामले की भी जांच में शामिल हैं। सीबीआई के संयुक्त निदेशक मनोज श्रीधर जांच की अगुवाई करेंगे।
उल्लेखनीय है कि फिल्म अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत को 14 जून को मुंबई के बांद्रा उनके अपने फ्लैट में मृत पाया गया था। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने मंगलवार को सुशांत के पिता के.के. सिंह की मांग पर केंद्र से सीबीआई जांच की सिफारिश की थी। सुशांत की मौत की सीबीआई जांच की कई राजनीतिक नेताओं ने भी मांग की है।

