विश्व विख्यात मीडिया संस्थान ब्रिटिश ब्रॉडकास्टिंग कॉरपोरेशन अपनी निष्पक्ष पत्रकारिता के लिए जाना जाता रहा है। पिछले कुछ अर्से से दिल्ली में फैली हिंसा पर बीबीसी की खबरों से भारत सरकार असहज बताई जा रही है। सरकार इतनी नाराज है कि प्रसार भारती के मुखिया शशि शेखर ने बीबीसी द्वारा विश्व महिला दिवस पर आयोजित एक कार्यक्रम में जाने से इंकार कर डाला।
बीबीसी के आमंत्रण को अस्वीकार करने के पीछे शशि शेखर ने उन ‘एक पक्षीय’ खबरों को बताया जो दिल्ली हिंसा पर बीबीसी ने प्रसारित की हैं। शेखर ने बीबीसी के सीईओ को लिखे पत्र में आरोप लगाया है कि उनकी एक तरफा खबरों ने दिल्ली का माहौल खराब करने का काम किया है।
शेखर का कहना है कि केवल एक धर्म के लोगों को बीबीसी ने अपनी खबरों में प्रताड़ित किए जाने की बात कही। आईबी के कर्मचारी अंकित शर्मा और दिल्ली पुलिस के अफसरों पर उग्र भीड़ के हमले पर बीबीसी ने चुप्पी साधे रखी।
जानकारों का दावा है कि केंद्र सरकार बीबीसी समेत कई अंतरराष्ट्रीय संस्थानों से खासी नाराज है जिसके चलते शेखर ने बीबीसी के कार्यक्रम का बहिष्कार करने में ही अपनी भलाई समझी।

