कांग्रेस नेता राहुल गांधी की पहली ‘भारत जोड़ो यात्रा’ गुजरात से नहीं गुजरी थी। तब यात्रा महाराष्ट्र से गुजरी थी। राहुल गांधी अपनी दूसरी यात्रा में गुजरात जा रहे हैं तो दूसरी तरफ बीजेपी उनकी यात्रा से पहले बड़ी राजनीतिक सर्जरी करने की तैयारी कर रही है। दावा किया जा रहा है कि राहुल के गुजरात पहुंचने से पहले राज्य में पार्टी शून्य पर पहुंच जाएगी। करीब डेढ़ साल पहले हुए गुजरात विधानसभा चुनाव में जहां भाजपा ने रिकॉर्ड तोड़ जीत दर्ज की थी, वहीं कांग्रेस महज 17 सीटों पर सिमट गई थी। ऐसे में जहां पार्टी इस हार से अभी उभरी भी नहीं थी कि नए साल की शुरुआत में कांग्रेस के दो विधायकों चिराग पटेल और सीजे चावड़ा पार्टी छोड़ चुके हैं। राज्य की विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या घटकर अब सिर्फ 15 रह गई है, वहीं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के वादे को पूरा करने के बाद राज्य में बीजेपी चुनावी मोड में हैं। पार्टी ने चुनावों की घोषणा और प्रत्याशियों के चयन से पहले ही चुनाव कार्यालय खोल दिए हैं। राजनीतिक हलकों में चर्चा है कि राहुल गांधी की यात्रा गुजरात पहुंचने से पहले पार्टी के कई विधायक और नेता पार्टी छोड़ सकते हैं। इनमें पोरबंदर से विधायक दिग्गज नेता अर्जुन मोढवाड़िया का नाम भी शामिल है। हालांकि मोढवाड़ियां बार-बार इन चर्चाओं का खंडन कर रहे हैं। लेकिन कहा जा रहा है कि कांग्रेस से जो नेता बीजेपी में जा सकते हैं उनमें अर्जुन मोढवाड़िया, बाबु बेजा, ललिल वसोया, अमरीश डेर, भीखाभाई जोशी, विमल चुडासमा, बलदेवजी ठाकोर, रघुदेसाई के साथ अहमदाबाद शहर कांग्रेस के प्रमुख हिम्मत सिंह पटेल के नाम शामिल हैं। अर्जुन मोढवाड़िया वही नेता हैं जिन्होंने कांग्रेस के राम मंदिर प्राण-प्रतिष्ठा समारोह में नहीं जाने के फैसले का विरोध किया था और कहा था कि कांग्रेस को ऐसे राजनीतिक फैसले से दूर रहना चाहिए था। गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और वहां पर रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा के बाद बीजेपी कांग्रेस के नाराज नेताओं को लेकर खास रणनीति पर काम कर रही है। भाजपा ने दूसरे दलों से आने वाले नेताओं को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराने के लिए प्रदेश कार्यालय में मंच बनवा दिया है। यहां तक कि कई कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता इस मंच से सदस्यता ले चुके हैं।
गुजरात में शून्य हो जाएगी कांग्रेस!

