उत्तर प्रदेश में कांग्रेस और सपा के गठबंधन के साथ ही सपा से टिकट की दावेदारी जताने वालों की उम्मीदों पर पानी फिर गया है और अमरोहा लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में चली गई है। इस गठजोड़ ने राजनीतिक गलियारों में एक बार फिर से हलचल मचा दी है। कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेस वर्तमान सांसद कुंवर दानिश अली पर दांव खेलेगी या फिर अन्य किसी और को मैदान में उतारेगी? माना जा रहा है बसपा से निलंबन और कांग्रेस से नजदीकियां दानिश की राह आसान बना सकती है। अमरोहा समेत 17 लोकसभा सीट कांग्रेस के खाते में गई हैं। इसके साथ ही अमरोहा लोकसभा सीट पर नई चुनावी बिसात बिछेगी। कहा जाए तो जिले में सपा के सहारे कांग्रेस को एक तरह से संजीवनी मिल गई है। लेकिन, कांग्रेस किस पर दांव खेलेगी, यह हर किसी के सामने बड़ा सवाल है। क्या, सपा से लाइन में खड़े दावेदार कांग्रेस में शामिल होंगे या फिर कांग्रेस का ही कोई चेहरा सामने आएगा। उधर वर्तमान सांसद कुंवर दानिश अली भी इस लिस्ट में सबसे आगे माने जा रहे हैं। पिछले दिनों राहुल गांधी से मुलाकात और कांग्रेस की न्याय यात्रा में शामिल होना उनके लिए अहम साबित हो सकता है। हालांकि प्रदेश महामंत्री सचिन चौधरी, पूर्व सांसद राशिद अल्वी, मनोज कटारिया, पूर्व जिलाध्यक्ष सुखराज चौधरी समेत अन्य नेता भी दावेदारी कर रहे हैं।
दानिश पर दांव खेलेगी कांग्रेस!

