Country

हरियाणा कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अशोक तंवर का ‘हुडडा कांग्रेस’ से इस्तीफा

 

3 अक्टूबर 2019 :
सोहना विधानसभा का टिकट पांच करोड़ में बेचा गया है। पांच साल तक हमने कांग्रेस के लिए खून-पसीना बहाया। हरियाणा का नेतृत्व खत्म हो चुका है। हम पार्टी के लिए समर्पित रहे लेकिन टिकट उन्हें दिया जा रहा है जो पहले कांग्रेस की आलोचना करते थे और हाल ही में पार्टी में शामिल हो गए।

5 अक्टूबर 2019 :
पार्टी कार्यकर्ताओं से लंबे समय तक विचार-विमर्श के बाद मैंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उनके इस्तीफे की वजह कांग्रेसी और जनता अच्छी तरह से जानते हैं।

इस तरह दो दिन के घटनाक्रम के बाद आज हरियाणा के पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने अपने ट्विटर हैंडल पर इस्तीफा पोस्ट किया है। दो दिन पहले तंवर ने हरियाणा कांग्रेस की सभी चुनाव समितियों से इस्तीफा दे दिया था। वे विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के चयन को लेकर नाराज हैं और टिकट वितरण में खरीद-फरोख्त का आरोप लगा चुके हैं।

उनका आरोप है कि कांग्रेस को एक आदमी ने हाईजैक कर लिया है। हरियाणा कांग्रेस अब हुड्डा कांग्रेस बन चुकी है। हरियाणा में विधानसभा के लिए 21 अक्टूबर को मतदान होना है, नतीजे 24 तारीख को आएंगे।

तंवर ने कहा था कि उन्होंने उम्मीदवार चयन के लिए 13 सुझाव भेजे थे। इसमें पिछड़े, मुस्लिम और सिखों को सही अनुपात में टिकट देने के लिए कहा था। इसके अलावा कर्मचारी नेता और ट्रेड यूनियन के किसी प्रतिनिधि को टिकट देने की मांग की थी। जेजेपी और इनेलो से आए नेताओं को टिकट न देने जैसे सुझाव थे। लेकिन टिकट वितरण में उनकी इन बातों को नहीं माना गया।

पत्र में लिखा था कि ये विषय उन्होंने अपने वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के सामने उठाए थे। लेकिन एक धड़ा कांग्रेस की 134 साल पुरानी विरासत को खत्म करना चाहता है। उन्हें लगता है कि कांग्रेस को एक आदमी ने हाईजैक कर लिया। हरियाणा कांग्रेस अब हुड्डा कांग्रेस बन गई है। याद रहे कि दो दिन पूर्व उन्होंने दिल्ली में कांग्रेस मुख्यालय के बाहर समर्थकों के साथ सोनिया गांधी के विरोध में धरना भी दिया था।

You may also like

MERA DDDD DDD DD