Sargosian / Chuckles

गिरिराज का ‘नवीन’ प्रेम, सकते में मांझी

भारतीय जनता पार्टी की उड़ीसा में पूर्ण बहुमत वाली सरकार है। इसके बावजूद यहां के मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी इन दिनों खासे परेशान बताए जा रहे हैं। कारण है केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का एक बयान। बीते छह महीनों में नवनियुक्त मुख्यमंत्री हर वो काम कर रहे हैं जिससे राज्य में भाजपा का जनाधार मजबूत हो और बीजू जनता दल का वजूद ही समाप्त हो जाए। मुख्यमंत्री मोहन चरण लगातार पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेडी के अध्यक्ष नवीन पटनायक को उड़ीसा की बदहाली का जिम्मेदार ठहरा कोसने का काम भी कर रहे हैं। उनका मानना है कि बीते 24 बरस के दौरान लगातार मुख्यमंत्री रहे नवीन पटनायक ने एक भी ऐसा काम नहीं किया जो राज्य और जनहित में हों। उनके इस स्टैंड से ठीक उलट गिरिराज सिंह ने गत् दिनों नवीन पटनायक की जमकर प्रशंसा ही नहीं कर डाली, बल्कि केंद्र सरकार से उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करने तक की गुहार लगा दी। उड़ीसा सरकार और प्रदेश भाजपा संगठन एक केंद्रीय मंत्री के इस बयान को न तो नकार पा रहा है और न ही स्वीकार कर पा रहा है। भुवनेश्वर के सत्ता गलियारों में खबर जोरों पर है कि मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी शीघ्र ही पार्टी आलाकमान से इस मुद्दे पर बात करने और गिरिराज सिंह की शिकायत करने दिल्ली जाने वाले हैं।

You may also like

MERA DDDD DDD DD