Country

गुरुग्राम: प्रेम प्रसंग के शक में गोली मारकर BJP महिला नेता की हत्या

गुरुग्राम: प्रेम प्रसंग के शक में गोली मारकर BJP की महिला नेता की हत्या

हरियाणा के गुरुग्राम में भाजपा नेता मुनेश गोदारा की शनिवार देर रात को गोली मारकर हत्या कर दी गई। महिला नेता के पति सुनील गोदारा पर हत्या का आरोप लगा है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, पति मौक-ए-वारदात से फरार है और उसकी तलाश की जा रही है। मुनेश गोदारा भाजपा के किसान मोर्चा में मंत्री थी और चरखी-दादरी में जिलाध्यक्ष भी रह चुकी थी।

पुलिस ने बताया, “रविवार को सेक्टर-93 के स्पेस सोसायटी में मुनेश गोदारा की हत्या कर दी गई। आरोप पति सुनील पर है। सुनील का परिवार मूल रूप से चरखी दादरी का रहने वाला है। वह पिछले कुछ समय से यहां किराए पर रहा था। सुनील एक निजी कंपनी में पीएसओ की नौकरी करता था। फिलहाल, वह फरार है।”

पुलिस का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर वाद-विवाद होता रहता था। कादीपुर में रहने वाले एक युवक के साथ मुनेश की बातचीत होती थी। इसी बात को लेकर सुनील और मुनेश के बीच झगड़ा होता रहता था। शनिवार की रात को दोनों के बीच इसी बात को लेकर लड़ाई हुई थी जिसके बाद गुस्से में आकर सुनील ने लाइसेंसी पिस्तौल से पत्नी को गोली मार दी।

गुरुग्राम: प्रेम प्रसंग के शक में गोली मारकर BJP की महिला नेता की हत्या

गुड़गांव पुलिस के जनसंपर्क अधिकारी सुभाष बोकन ने बताया कि महिला की छाती पर दो गोलियां मारी गई हैं। आरोपी सुनील गोदारा एक पूर्व सैनिक है और एक निजी कंपनी में बतौर सिक्योरिटी ऑफिसर काम करता है। फिलहाल सुनील और दो अन्य के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

परिजन का कहना है कि मरने से पहले मुनेश ने अपनी छोटी बहन को फोन पर बताया था कि उसे उसके पति सुनील ने गोली मार दी है। मुनेश के भाई एसके जाखड़ ने बताया, “शनिवार देर रात घटना के बाद मुनेश से छोटी बहन की आखिरी बार बात हुई थी। हम लोग जब मौके पर पहुंचे तो वह दम तोड़ चुकी थी।”

वहीं दूसरी तरफ आरोपी सुनील के पिता चंद्रभान ने सेक्टर-10 थाने में शिकायत दर्ज कराई है। चंद्रभान आर्मी से रिटायर्ड अधिकारी रहे हैं। चंद्रभान की शिकायत पर पुलिस ने उनके बेटे सुनील, महिला से बातचीत करने वाले युवक और उसकी पत्नी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया में हत्या की वजह प्रेम प्रसंग का लगता है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD