दिल्ली के उपराज्यपाल रहे नजीब जंग का भाजपा से मोहभंग होता नजर आ रहा है। भारतीय प्रशासनिक सेवा के रिटायर्ड अधिकारी जंग को यूं तो 2013 में कांग्रेस ने दिल्ली का एलजी बनाया था लेकिन मोदी सरकार के केंद्र में आते ही जंग पूरी तरह भगवामय हो गए थे। आम आदमी पार्टी की सरकार संग जंग के रिश्ते बेहद तल्ख रहे।
केजरीवाल उन्हें भाजपा का एजेंट कह पुकारते थे। अब लेकिन जंग न केवल केंद्र सरकार पर हमला बोलने लगे हैं बल्कि केजरीवाल के भी प्रशंसक हो चुके हैं। हाल में नागरिकता कानून को लेकर जंग ने केंद्र सरकार को आड़े हाथ लिया तो दिल्ली चौंक गई। इसके ठीक बाद जंग ने केजरीवाल की तारीफों के पुल बांध डाले।
उन्होंने यहां तक कह डाला कि उनके केजरीवाल संग निजी रिश्ते बेहद अच्छे हैं। आप सरकार की उन्होंने जमकर प्रशंसा भी कर डाली। जानकारों का मानना है कि 2016 में जंग ने उपराज्यपाल पद से इस्तीफा केंद्र सरकार के दबाव में आकर दिया था। जाहिर है मौके को माकूल पा कर जंग ने भाजपा और केंद्र सरकार पर वार कर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है।

