खेल जगत में इन दिनों एक ओर जहां पेरिस ओलंपिक की धूम मची है, वहीं दूसरी तरफ भारत को एक बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। असल में ओलंपिक में निशानेबाजी का मेडल जीत चुके अभिनव बिंद्रा को ओलंपिक ऑर्डर अवार्ड यानी आईओसी के सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। आईओसी ने यह घोषणा की है कि 10 अगस्त को पेरिस में आयोजित होने वाली अवॉर्ड सेरेमनी में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा जो अभिनव को ओलंपिक मूवमेंट में उनके विशेष योगदान के लिए दिया जाएगा।

भारतीय ओलंपिक पदक विजेता बिंद्रा को आईओसी सम्मान दिए जाने पर केंद्रीय खेल मंत्री मनखुस मंडाविया ने खुशी जाहिर कर कहा, ‘यह भारत के लिए गर्व का क्षण है। अभिनव बिंद्रा ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन और खेल के प्रति समर्पण से देश का नाम रोशन किया है। उन्हें यह सम्मान मिलना भारतीय खेल जगत के लिए प्रेरणादायक है।’

बिंद्रा ने 2008 में जीता था स्वर्ण
बिंद्रा ने 2008 बीजिंग खेलों में पुरुषों की 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता जीतकर भारत के लिए पहला व्यक्तिगत ओलंपिक स्वर्ण पदक जीता था। वह 2010 से 2020 तक अंतरराष्ट्रीय निशानेबाजी खेल महासंघ (आईएसएसएफ) की एथलीट समिति के सदस्य रहे। 2014 से इसके अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे और 2018 से आईओसी एथलीट आयोग के सदस्य हैं।

अभिनव बिंद्रा ने अपने करियर में कई महत्वपूर्ण योगदान दिए हैं। वे न केवल एक सफल निशानेबाज हैं, बल्कि एक प्रेरक व्यक्ति भी हैं जिन्होंने भारतीय खेलों के विकास के लिए कई पहल की हैं। उनके द्वारा स्थापित अभिनव बिंद्रा फाउंडेशन भारतीय खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय प्रशिक्षण और सुविधाएं प्रदान करता है।

गौरतलब है कि बिंद्रा यह पुरस्कार पाने वाले दूसरे भारतीय होंगे। जानकारी के अनुसार इससे पहले, 1983 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी को यह सम्मान मिला था।

ओलंपिक ऑर्डर अवॉर्ड का इतिहास

ओलंपिक ऑर्डर, इंटरनेशनल ओलंपिक कमेटी द्वारा दिया जाने वाला सबसे बड़ा सम्मान है, जो ओलंपिक मोमेंट में विशेष योगदान के लिए प्रदान किया जाता है। जानकारी के मुताबिक इस अवॉर्ड की शुरुआत 1975 में हुई थी। तब इसे तीन कैटेगरी-गोल्ड, सिल्वर और ब्रॉन्ज में दिया जाता था। हालांकि 1984 में सिल्वर और ब्रॉन्ज कैटेगरी में दिया जाने वाला यह सम्मान समाप्त कर दिया गया और यह निर्णय लिया गया कि अब यह अवार्ड केवल गोल्ड कैटेगरी में दिया जाएगा जिसे राष्ट्र प्रमुखों और विशेष योगदान देने वाली हस्तियों को प्रदान किया जाता है। आईओसी ओलंपिक की मेजबानी करने वाले देश के राष्ट्र प्रमुख को भी यह अवार्ड देता है।
क्या है ओलंपिक आर्डर सम्मान
ओलंपिक आर्डर आईओसी का सर्वोच्च पुरस्कार है, जो ओलंपिक आंदोलन में विशिष्ट योगदान के लिए दिया जाता है। यह उस व्यक्ति को सम्मानित करने के लिए दिया जाता है जिसने अपने कार्यों के माध्यम से ओलंपिक आदर्श को दर्शाया हो, खेल जगत में उल्लेखनीय योग्यता हासिल की हो, या ओलंपिक के लिए अपनी व्यक्तिगत उपलब्धि या खेल के विकास में अपने योगदान के माध्यम से उत्कृष्ट सेवाएं दी हों। इसके नामांकन ओलंपिक ऑर्डर काउंसिल द्वारा प्रस्तावित किए जाते हैं और कार्यकारी बोर्ड द्वारा उन पर निर्णय लिया जाता है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD