Country

कोरोना के रिकॉर्ड बनाता भारत, एक दिन में मिले सबसे ज्यादा मरीज 

कोरोना वायरस के चलते  दुनिया में  सबसे ज्यादा दिनों का लाकडॉन भारत में रहा। इसके बावजूद  देश  में कोरोना वायरस की रफ्तार बेकाबू होती नजर आ रही है।हालत यह है कि देश में संक्रमित मरीजों का आंकड़ा  38 लाख के पार हो गया है। पिछले  24 घंटे के भीतर कोरोना के रिकार्डतोड़ 83 हजार 883 नए मरीज मिले हैं। जो दुनियाभर में एक दिन में मिलने वाले  मरीजों की सबसे अधिक संख्या है।

देश में  अब तक 38 लाख 53 हजार 407 लोग इस  संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।  राहत की बात यह है कि इनमें 29 लाख 67 हजार 396 लोग ठीक भी हो चुके हैं। जबकि इससे मरने वालों की संख्या अब 67 हजार 486 हो गई है।

एक हफ्ते से देश में दुनिया के सबसे ज्यादा कोरोना मरीज मिलने के साथ ही एक्टिव केस तेजी से बढ़ने लगे हैं।  26 अगस्त से 1 सितंबर के बीच एक्टिव केस रोज 1.5% की औसत दर से बढ़कर 76 हजार 431 हो गए।  ये अभी अस्पतालों या होम आइसोलेशन में इलाज करा रहे हैं। एक्टिव मरीजों की संख्या में एकाएक 1.11% का इजाफा होना परेशानी की बात है।

कोरोना प्रभावित प्रमुख राज्यों का हाल:-

महाराष्ट्र में कल 2 सितंबर बुधवार को कोरोना संक्रमण के रिकॉर्ड 17 हजार 433 नए मामले मिले। अब तक राज्य में 8 लाख 25 हजार से ज्यादा लोग संक्रमित पाए जा चुके हैं। 24 घंटे में 292 मरीजों की मौत हो गई। इसी के साथ राज्य में मरने वालों का आंकड़ा बढ़कर 25 हजार 195 हो गया है।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में कल 2 सितंबर  को कोरोना वायरस के पिछले करीब दो महीने में कोविड-19 के एक दिन में सबसे ज्यादा 2 हजार 509 नए मामले सामने आए। इन नए मामलों के साथ राजधानी दिल्ली में कुल संक्रमितों की संख्या 1 लाख 79 हजार 569 हो गई है। वहीं मृतकों की कुल संख्या 4 हजार 481 तक पहुंच गई है।
बिहार में बीते दिन इस  संक्रमण के 1 हजार 969 नए केस सामने आए हैं। जिसके बाद राज्य में  अब तक 1 लाख 40 हजार 234 लोग संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं।  पिछले 24 घंटे में 13 कोरोना संक्रमितों की मौत होने से मरने वालों की संख्या अब 722 हो गई है।
उत्तर प्रदेश में पिछले 24 घंटों में  5 हजार 716 नए मामले आने के  बाद एक्टिव मामलों की कुल संख्या बढ़कर 56 हजार 459 हो गई है। राज्य में  अब तक 2 लाख 41 हजार 439 कोरोना संक्रमित मिल चुके हैं। राहत की बात है कि  राज्य में अब तक 1 लाख 81 हजार 364 मरीज ठीक हो चुके हैं।

दुनिया में कोरोना के कितने केस?
दुनिया के 200 देशों में फैल चुका कोरोना वायरस का प्रकोप कुछ देशों में अभी भी जारी है। पिछले 24 घंटों में दुनिया में 2 लाख 85 हजार नए मामले सामने आए हैं और 6 हजार 283 लोगों की जान चली गई है। दुनियाभर में अब तक 2 करोड़ 61 लाख 212 हजार लोग कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। इसमें से 8 लाख 66 हजार 581 लोगों ने अपनी जान गंवाई है तो वहीं 1 करोड़ 84 लाख लोग ठीक भी हुए हैं।  पूरी दुनिया में 68 लाख 72 हजार एक्टिव केस हैं यानी कि फिलहाल इतने लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

कोरोना से सबसे प्रभावित देश
वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, कोरोना से सबसे ज्यादा प्रभावित देशों की लिस्ट में अमेरिका पहले पायदान पर है। यहां अबतक 63 लाख से ज्यादा लोग कोरोना संक्रमण के शिकार हो चुके हैं।  अमेरिका में पिछले 24 घंटों में 40 हजार से ज्यादा नए केस आए हैं। वहीं ब्राजील में भी पिछले 24 घंटे में 48 हजार मामले आए हैं। हालांकि इन दिनों के मुकाबले दुनिया में रोजाना सबसे ज्यादा कोरोना के मामले भारत में सामने आ रहे हैं।

You may also like

MERA DDDD DDD DD