sport

अतुलनीय रहा आईपीएल का सीजन

फटाफट क्रिकेट के नाम से जानी जाने वाली इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 17वें सीजन का समापन हो गया है। दो महीने से भी ज्यादा समय तक खेली गई इस लीग में एक ओर जहां अनगिनत रिकॉर्ड बने और टूटे वहीं टी-20 फॉरमेंट के इतिहास में सर्वाट्टिाक रनों सहित कई कीर्तिमान स्थापित हुए। एक तरह से कहा जाय तो आईपीएल का यह सीजन अतुलनीय रहा

क्रिकेट की सबसे महंगी इंडियन प्रीमियर लीग यानी आईपीएल के 17वें सीजन 2024 का समापन हो गया है। इस सीजन एक ओर जहां सिनेमा जगत के किंग खान शाहरुख खान की टीम कोलकाता नाइट राइडर्स ने सनराइजर्स हैदराबाद को खिताबी मुकाबले में आठ विकेट से हराकर तीसरी बार खिताब अपने नाम किया, वहीं दूसरी तरफ कुछ ऐसे कीर्तिमान बने जिन्हें तोड़ना काफी मुश्किल होगा। इनमें एक टी-20 मैच में सबसे ज्यादा छक्कों से लेकर सबसे बड़ा स्कोर, बड़ा लक्ष्य हासिल करना हो या फिर सबसे ज्यादा बार 200 रनों से ज्यादा स्कोर जैसे कई बड़े कीर्तिमान शामिल हैं। एक तरह से कहा जाए तो आईपीएल का यह संस्करण अतुलनीय रहा है।

खेल विश्लेषकों का कहना है कि इस सीजन बने कीर्तिमानों को तोड़ना इसलिए मुश्किल है क्योंकि अगले साल मेगा ऑक्शन होना है और सारी टीमें लगभग बदल जाएंगी। सनराइजर्स हैदराबाद या कोलकाता नाइट राइडर्स के पास मौजूदा संयोजन वाले खिलाड़ी नहीं होंगे। हालांकि क्रिकेट अनिश्चिताओं का खेल है और इसमें आगे क्या होगा कोई नहीं बता सकता।

इस सीजन बने बड़े कीर्तिमान

आईपीएल 2024 के 30वें मैच में बेंगलुरु के चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ हैदराबाद ने इतिहास रचते हुए तीन विकेट पर 287 रन बनाकर आईपीएल का सबसे बड़ा स्कोर बना डाला। इसके साथ ही हैदराबाद ने इसी आईपीएल में मुंबई इंडियंस के खिलाफ बनाए गए अपने तीन विकेट पर 277 रनों के सर्वाेच्च स्कोर को पीछे छोड़ दिया। इस सीजन से पहले आईपीएल का उच्चतम स्कोर पांच विकेट पर 263 रन था, जो बेंगलुरु ने पुणे वॉरियर्स के खिलाफ 2013 में बनाया था। 2024 सीजन में इससे बड़े चार टोटल बन गए। इनमें से तीन सनराइजर्स हैदराबाद के नाम रहे। यही नहीं यह टी-20 क्रिकेट का अब तक का दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। टी-20 क्रिकेट का सबसे बड़ा स्कोर तीन विकेट पर 314 रन है, जो नेपाल ने 2023 में मंगोलिया के खिलाफ बनाया था।

सबसे बड़ी लक्ष्य प्राप्ति

आईपीएल 2024 के 42वें मैच में पंजाब किंग्स ने इतिहास रचते हुए टी-20 क्रिकेट और लीग के इतिहास के सबसे बड़े लक्ष्य को हासिल कर दिखाया। उसे कोलकाता नाइट राइडर्स ने 262 रनों का लक्ष्य दिया था, जिसे पंजाब ने दो विकेट गंवाकर आठ गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। ऐसा कर पंजाब ने टी-20 क्रिकेट में सबसे बड़े लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने का एक साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ डाला। पिछले साल दक्षिण अफ्रीका ने वेस्टइंडीज के खिलाफ सेंचुरियन में 259 रन चेज किए थे। इससे पहले 2020 में राजस्थान ने पंजाब के खिलाफ ही शारजाह में 224 रन सफलतापूर्वक चेज किए थे।

दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन

इसी सीजन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ चिन्नास्वामी में हुए मैच में दोनों पारियों को मिलाकर 549 रन बने थे, जो आईपीएल में किसी एक मैच में दोनों पारियों को मिलाकर सबसे ज्यादा रन हैं। इस मैच में सनराइजर्स ने 20 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 287 रन बनाए थे। वहीं बेंगलुरु की टीम ने 20 ओवर में सात विकेट गंवाकर 262 रन बनाए थे।
सबसे ज्यादा शतक आईपीएल 2024 में 14 शतक लगे हैं जो कि पिछले किसी भी संस्करण से ज्यादा हैं। इससे पहले 2023 में 12 शतक लगे थे। वहीं साल 2022 में आठ, साल 2016 में सात, साल 2008 में छह शतक लगे थे।

सबसे ज्यादा बार 250 से ज्यादा का स्कोर

आईपीएल के इस सीजन से पहले तक 1 सिर्फ दो मौके ऐसे आए थे जब 250 से ज्यादा रनों का स्कोर बना था। लेकिन इस सीजन 2024 में आठ बार 250 या इससे ज्यादा का स्कोर बना।

रनों की बारिस का सीजन

आईपीएल 2024 में रनों की बारिश देखने को मिली। इस सीजन 41 बार 200 या इससे ज्यादा के स्कोर बने, जो पिछले सभी संस्करणों से ज्यादा हैं। पिछले साल यानी आईपीएल 2023 में 74 मैचों की 147 पारियों में 37 बार 200 या इससे ज्यादा के स्कोर बने थे। हालांकि इस सीजन यह रिकॉर्ड ट्टवस्त हो गया है। वहीं, 2022 में 74 मैचों की 148 पारियों में 18 बार 200 या इससे ज्यादा के स्कोर बने थे। 2023 में ही इम्पैक्ट प्लेयर का नियम आईपीएल में लागू हुआ था और उसके बाद से 200 से ज्यादा के स्कोर में गजब की बढ़ोतरी हुई है। जहां 2022 में 200 से ज्यादा का स्कोर बनने की दर 12.16 प्रतिशत थी वहीं 2023 में यह बढ़कर 25.17 फीसदी हो गई थी जो इस सीजन बढ़कर 27.70 प्रतिशत तक पहुंच गई है।

एक मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड

आईपीएल 2024 के 42वें मैच में पंजाब किंग्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के मुकाबले में पंजाब की ओर से 24 तो कोलकाता की ओर से 18 छक्के लगे। दोनों पारियों को मिलाकर कुल 42 छक्के लगे थे जो किसी एक टी-20 मैच में सबसे ज्यादा छक्कों का रिकॉर्ड है। इस मामले में दूसरे नंबर पर भी आईपीएल के मुकाबले ही हैं। इसी सीजन सनराइजर्स हैदराबाद और मुंबई इंडियंस के बीच हैदराबाद में खेले गए मैच में 38 छक्के लगे थे। वहीं रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच इसी सीजन चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में भी 38 छक्के लगे थे। पंजाब और कोलकाता के बीच में पंजाब किंग्स टीम की ओर से 24 छक्के लगे, जो आईपीएल मैच की किसी एक पारी में किसी टीम द्वारा लगाए गए सबसे ज्यादा छक्के हैं। इससे पहले इसी सीजन
चिन्नास्वामी में सनराइजर्स ने बेंगलुरु के खिलाफ 22 छक्के जड़े थे। वहीं, टी20 क्रिकेट में किसी एक पारी में लगे यह दूसरे सबसे ज्यादा छक्के हैं। पंजाब से आगे केवल नेपाल की टीम है। उसने 2023 में एशियाई खेलों के दौरान मंगोलिया के खिलाफ 26 छक्के जड़े थे। आईपीएल 2024 में कुल 1260 छक्के लगे, जो कि पिछले किसी भी सीजन से ज्यादा हैं। इससे पहले सिर्फ 2023 और 2022 में ही हजार से ज्यादा छक्के लगे थे। 2022 में 1062 छक्के और 2023 में 1124 छक्के लगे थे।

पावरप्ले में सबसे बड़ा स्कोर
पावरप्ले यानी पारी के पहले छह ओवर बल्लेबाज को जोखिम उठाने और आउट होने की चिंता किए बिना बड़े शॉट लगाने के लिए प्रेरित करते हैं। गेंदबाजों को भी पावरप्ले से लाभ मिल सकता है, क्योंकि कई बार बल्लेबाज बहुत लापरवाह हो जाते हैं। पावरप्ले के ओवरों में ज्यादा रन बनाने वाली ज्यादातर टीमें मैच जीत जाती हैं। आईपीएल 2024 में सनराइजर्स हैदराबाद ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पहले छह ओवर में 125 रन बनाकर केकेआर द्वारा 2017 में बनाए गए 105 रनों के सर्वाेच्च रिकॉर्ड को तोड़ दिया है।

पहले दस ओवर में सबसे ज्यादा रन

आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ शुरुआती 10 ओवर के बाद सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। एसआरएच ने लखनऊ के खिलाफ 9.4 ओवर में ही बिना विकेट गंवाए 167 रन बनाए थे। शुरुआती 10 ओवर में दूसरे सबसे ज्यादा रन भी हैदराबाद ने ही बनाए हैं। सनराइजर्स ने इसी सीजन दिल्ली के खिलाफ शुरुआती 10 ओवर में चार विकेट गंवाकर 158 रन बनाए थे। वहीं, सनराइजर्स की टीम ही तीसरे स्थान पर भी है। उन्होंने मुंबई के खिलाफ 10 ओवर में दो विकेट गंवाकर 148 रन बनाए थे।

एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले भारतीय

अभिषेक शर्मा ने आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले विराट कोहली के आठ साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ दिया है। किसी भारतीय द्वारा आईपीएल के एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड विराट के ही नाम था। उन्होंने 2016 और इस सीजन 2024 में भी 38 छक्के लगाए थे। अब अभिषेक के इस सीजन 42 छक्के लगाकर यह कीर्तिमान अपने नाम कर लिया है।

फाइनल मुकाबले में सबसे कम स्कोर

इस सीजन हैदराबाद ने फाइनल का सबसे छोटा स्कोर बनाया, टीम 113 रन पर ऑल आउट हो गई। इससे पहले 2013 के सीजन में 149 रन का टारगेट चेज कर रही चेन्नई सुपर किंग्स 20 ओवर में 9 विकेट पर 125 रन ही बना सकी थी। फिर 2017 के सीजन में मुंबई इंडियंस ने राइजिंग पुणे सुपर जायंट्स के खिलाफ पहली पारी में 129 रन का स्कोर बनाया था।
ये टीमें हुई मालामाल
रैंक                                                                     टीम                                                                            पुरस्कार राशि
विजेता                                                   कोलकाता नाइट राइडर्स                                20 करोड़ रुपए
उपविजेता                                              सनराइजर्स हैदराबाद                                     12.5 करोड़ रुपए
तीसरा स्थान                                           राजस्थान रॉयल्स                                            7 करोड़ रुपए
चौथा स्थान                                              रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु                                   6.5 करोड़ रुपए

ये खिलाड़ी भी हुए मालामाल

इस सीजन खिलाड़ियों ने भी खूब पैसे बटोरे। आरसीबी के सलामी बल्लेबाज विराट कोहली ने ऑरेंज कैप जीती, जबकि पर्पल कैप पंजाब किंग्स के तेज गेंदबाज हर्षल पटेल को मिली। दोनों को इस सीजन में उकने शानदार प्रदर्शन के लिए 10-10 लाख रुपए की पुरस्कार राशि मिली।

अवार्ड                                               विजेता                                            पुरस्कार राशि
इमर्जिग प्लेयर सीजन                 नितीश कुमार रेड्डी                          10 लाख रुपए
ऑरेंज कैप विराट                      कोहली                                         10 लाख रुपए
पर्पल कैप                                हर्षल पटेल                                     10 लाख रुपए
सुपर स्ट्राइकर सीजन                जेक फ्रेजर-मैगर्क                            10 लाख रुपए
अल्टीमेट फैंटेसी प्लेयर              सुनील नारायण                                10 लाख रुपए
मोस्ट वैल्युएबल प्लेयर                सुनील नारायण                               10 लाख रुप
सबसे ज्यादा छक्के                    अभिषेक शर्मा                                10 लाख रुपए
सबसे ज्यादा चौके                     ट्रैविस हेड                                       10 लाख रुपए
सर्वश्रेष्ठ कैच                              रामनदीप सिंह                                10 लाख रुपए
सर्वश्रेष्ठ पिच और ग्राउंड              हैदराबाद 50                                 लाख रुपए
फेयरप्ले अवार्ड                          सनराइजर्स                                    10 लाख रुपए

You may also like

MERA DDDD DDD DD