एक जैन मुनि द्वारा एक महिला से छेड़छाड़ और दूसरी के साथ रेप का मामला सामने आया है। आरोपी जैन मुनि का पूरा नाम सुकुमाल नंदी है। नंदी पर आरोप है कि उन्होंने महिलाओं को आशीर्वाद का नारियल देने के बहाने कमरे में बुलाकर धमकी दी और उसके बाद दुष्कर्म किया। जैन मुनि को एक महिला के साथ छेड़छाड़ और दूसरी के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया है।
दोनों महिलाएं एक ही परिवार की है। महिलाओं के शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। शुक्रवार देर शाम जैन मुनि को गिरफ्तार किया गया। दुष्कर्म और छेड़छाड़ की शिकार हुई दोनों महिलाओं ने मजिस्ट्रेट के समक्ष बयान दर्ज कराए। इसके बाद आरोपित जैन मुनि को पुलिस ने कपड़े पहनाकर मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। जैन मुनि को 15 दिनों के लिए न्यायिक हिरासत में भरतपुर जेल भेजने के आदेश दिए गए हैं।
मोहननगर निवासी जैन समाज के ही एक युवक ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि मोहननगर स्थित नवीन उपाश्रय में पिछले दो दिन से एक दिगंबर जैन मुनि सुकुमाल नंदी ठहरे हुए हैं। जिनके दर्शन के लिए गुरुवार को दोपहर करीब एक बजे उसकी मां के साथ उसकी पत्नी और भाभी गई थीं। वहां पर मुनि ने पहले उसकी भाभी को अभिमंत्रित नारियल देने के बहाने से दूसरी मंजिल पर स्थित कमरे में बुलाया और कमरे की कुंडी बंद कर भाभी के साथ छेड़खानी करने लगा। इस पर भाभी को मुनि की हरकत सही नहीं लगी तो वह नीचे आ गईं।
इसी बीच उसकी गर्भवती पत्नी आशीर्वाद का नारियल लेने गई तो कमरे में मुनि ने अनिष्ट करने की धमकी देकर ज्यादती की। युवक की मां और भाभी को शक हुआ तो उन्होंने पहुंचकर दरवाजा खुलवाया तो उसकी पत्नी की हालत खराब पाई गई और उसने रोते हुए आपबीती बताई। तीनों ने घर आकर पूरी बात बताई। इसके बाद परिजन जैन उपाश्रय पहुंचे। उसके बाद परिजनों का जैन मुनि के साथ झगड़ा हुआ। रात को ही पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल चेकअप करावाया और एसपी ने रात को ही पहुंचकर मामले की जानकारी ली।
एसपी अनिल कुमार बेनीवाल ने बताया कि दुष्कर्म का केस दर्ज होने के बाद ही जैन मुनि को हिरासत में ले लिया गया था। शुक्रवार को सुबह राजकीय अस्पताल के डॉ. रामहरि, डॉ.आशीष शर्मा, डॉ. दीपक चौधरी के साथ चिकित्साकर्मी नई मंडी थाने पहुंचे आरोपित जैन मुनि के कोविड-19 जांच सहित अन्य कई सेम्पल लिए गए हैं। अधिकारियों ने सैंपल रिपोर्ट भेजकर चिकित्सा विभाग के अधिकारियों से जांच शीघ्र ही उपलब्ध करवाने की मांग की है।
पुलिस अधीक्षक अनिल बेनीवाल ने बताया कि कोविड-19 की जांच रिपोर्ट जब तक नहीं आती है तब तक आरोपित को भरतपुर के एक अस्पताल में रखा जाएगा। उसके बाद ही भरतपुर जे जेल में बनाए गए क्वारैंटाइन में भेजा जाएगा। सुबह जयपुर और करौली की एफएसएल टीम ने हिंडौन पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। मोहननगर स्थित नवीन उपाश्रय के ऊपरी मंजिल के जिस कमरे में जैन मुनि ठहरा हुआ था, वहां पहुंचकर आवश्यक जांच की।
तलाशी के दौरान कमरे में रखे बैग के अंदर कई बैग थे और उनमें ताले लगे हुए थे। जैन समाज एवं पुलिस की मौजूदगी में बैग के ताले तोड़कर सामान निकाले गए। जिसमें से दो लैपटाप, 19 मोबाइल, 33 पैन ड्राइव, 4 हार्डडिक्स, चांदी की कई छोटी सिल्ली, कंडोम, नकदी सहित अन्य सामान बरामद हुआ है। इस बीच भरतपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक लक्ष्मण गौड़, करौली एसपी अनिल कुमार बेनीवाल जैन उपाश्रय पहुंचे और पूरे मामले का मुआयना किया। जैन मुनि वाले कमरे को सील कर दिया गया है। पुलिस जैन उपाश्रय में अपनी निगरानी में लेते हुए बाहर पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। इस दौरान डीएसपी श्यारोजमल मीना, नई मंडी थाना प्रभारी रामरुप मीना भी मौजूद थे।

