जामिया में हुए गोलीबारी के बाद वहां के छात्र यूनिवर्सिटी के सामने जमे हुए हैं। छात्र आज एनआरसी के खिलाफ प्रोटेस्ट करते हुए राजघाट जाने वाले थे। लेकिन जिस तरह से गोपाल नाम का युवक आया और गोलीबारी की उसके बाद सब कुछ बदल गया। अन्धाधुन्ध गोलीबारी में शादाब नाम का छात्र घायल हो गया।
इसी बीच एक फेसबुक प्रोफाइल सोशल मीडिया पर शेयर किया जा रहा है जिसे गोली चलाने वाले अभियुक्त गोपाल का बताया जा रहा है। उसके पोस्ट में देखा जा सकता है कि उसने एक के बाद एक कई पोस्ट किए हैं। घटना के कुछ घंटे पहले उसने तीन बार फेसबुक लाइव भी किया था। और फिर उसके बाद घटना को अंजाम दिया। उसके वीडियो को अब तक डेढ़ हजार से अधिक बार देखा जा चुका है। ये भी कहा जा रहा है कि उसके साथ कुछ लोग और भी थे। हालांकि, वे लोग कौन थे अभी तक इसका पता नहीं चल पाया है।

उसने अपने फेसबुक पर कई छोटे-छोटे पोस्ट किए हैं-
“आजादी दे रहा हूँ।”
“मेरे घर का ध्यान रखना।”
“मैं यहां अकेला हिन्दू हूं।”
“चंदन भाई ये बदला आपके लिए है।”
“मेरी अंतिम यात्रा पर मुझे भगवा में ले जाएं….और जय श्री राम के नारे हो।”
इसके अलावा उसने किसी को लिखा है कि कॉल मत करना। अपने आखिरी पोस्ट में लिखा है, “शाहीन बाग खेल खत्म”। उसने एक और पोस्ट चंदन नाम के व्यक्ति के लिए किया है जिसमें उसने लिखा है, “चंदन भाई ये बदला आपके लिए है।”

दरअसल, गोपाल ने अपने पोस्ट में जिस चंदन का बदला लेने की बात लिखी है ये वही चंदन गुप्ता है जिसकी हत्या 26 जनवरी, 2018 को कर दी गई थी। चंदन कासगंज का रहने वाला था और उसकी हत्या का इल्जाम सलीम नाम के एक व्यक्ति पर लगा था।
गोपाल का फेसबुक प्रोफाइल देखने पर पता चलता है कि वह कई हिंदुत्ववादी लोगों से जुड़ा है। वह अपने प्रोफाइल में उस व्यक्ति से दिखता जो साल 2017 के अक्टूबर महीने में ताजमहल में पुजा करने पहुंचा था और ताजमहल हो तजोमालय मंदिर बताया था।