मणिपुर की राजधानी इंफाल के थगल बाजार में आज सुबह आईईडी धमाका हुआ। थगल बाजार में हुए इस बम धमाके में चार पुलिसकर्मियों सहित एक नागरिक की भी घायल होने की खबर है। फिलहाल, घायल पुलिसकर्मियों और नागरिक को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनका इलाज किया जा रहा है। वहीं, आईईडी ब्लास्ट के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
इससे एक दिन पहले ही 4 नवम्बर को जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों पर ग्रेनेड से हमला किया गया था। आतंकियों ने श्रीनगर के हरि सिंह स्ट्रीट पर सुरक्षाबलों को निशाना बनाते हुए ग्रेनेड बम फेंका था। हमले में एक व्यक्ति की मौत हो गई थी। आतंकियों द्वारा ग्रेनेड बम से किए हमले में 15 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था। आतंकियों ने ग्रेनेड सुरक्षाबलों पर फेंका, लेकिन वह सड़क के किनारे जा गिरा था।
इससे पहले 3 नवंबर को इंफाल में आईईडी ब्लास्ट हुआ था। इसमें बीएसएफ के तीन जवान घायल हुए थे। छठ पूजा के मौके पर विस्फोट होने से स्थानीय निवासियों में जबरदस्त गुस्सा था। विस्फोट होने से माहौल तनावपूर्ण हो गया था। मणिपुर में नागा उग्रवादियों और सरकार के बीच बातचीत चल रही है। जिस कारण राज्य में अशांति छाई हुई हे। जिसके मद्देनजर विभिन्न संवेदनशील इलाकों में बड़ी संख्या में सुरक्षा बलों और पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।

