भारतीय वायु सेना आज अपना 87वां वायु सेना दिवस मना रही हैं इस दौरान वायु सेना प्रमुख राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने पाकिस्तान के बालाकोट में आतंकी ठिकानों पर की गई एयरस्ट्राइक का जिक्र करते हुए कहा कि बालाकोट एयरस्ट्राइक जैसी रणनीति आतंकियों को सजा देने के राजनीतिक नेतृत्व का संकल्प है। उन्होंने यह भी कहा कि आतंकी हमलों से निपटने के लिए सरकार के तरीके में बड़ा बदलाव आया है। उन्होंने आगे कहा कि वर्तमान हालात में पड़ोस से सुरक्षा का माहौल बेहद गंभीर स्थिति में है। पुलवामा पर आतंकी हमला हमारे रक्षा प्रतिष्ठानों के लिए लगातार खतरे की याद दिलाता है।
राकेश कुमार सिंह भदौरिया ने कहा कि देश द्वारा हम पर जताए गए भरोसे और दिए गए समर्थन के लिए हम आभारी हैं।
इससे पहले आज मंगलवार को वायुसेना दिवस के मौके पर तीनों सेनाओं के प्रमुख दिल्ली राष्ट्रीय युद्ध स्मारक पहुंचे। सेना प्रमुख बिपिन रावत, वायुसेना प्रमुख आरकेएस भदौरिया, नौसेना प्रमुख करमबीर सिंह ने शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
विंग कमान्डर अभिनंदन ने मिग-21 से भरी उड़ान
भारतीय वायुसेना का आज 87वां स्थापना दिवस है। इस दौरान वायुसेना गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस में समारोह आयोजित कर रही है इस दौरान बालाकोट एयरस्ट्राइक के बाद पाकिस्तान का एफ-16 विमान मार गिराने वाले इंडियन एयर फोर्स के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने वायुसेना दिवस पर आज मिग लड़ाकू विमान से आसमान में उड़ान भरी। इसमें चिनूक, मिराज 2000, मिग 29, सुपर हर्कुलेस, ग्लोबमास्टर समेत शक्तिशाली विमान और हैलीकैप्टर अपने शौर्य का प्रदर्शन कर रहे हैं।

