दिल्ली विधानसभा चुनावो में गहमागहमी का दौर शुरू हो गया है। अब तक सभी पार्टियों ने अपने टीम लीडरों को चुनाव मैदान में उतार दिया है। आज से पार्टी के सुप्रीमो की प्रचार में जोरदार एंट्री हो रही है। अब तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुनावो से दूर थे। लेकिन आज दिल्ली के शाहदरा से प्रधानमंत्री की रैली का जोरदार आगाज होगा। जबकि दूसरी तरफ कांग्रेस ने भी अब राहुल गांधी को आज से दिल्ली में इलेक्शन की पिच पर उतार दिया है। इस तरह दिल्ली की चुनावी पिच पर आज मोदी और गांधी की धुआंधार बैटिंग शुरू हो जाएगी।
दिल्ली विधानसभा का चुनाव प्रचार अब अपने अंतिम दौर में है। देखा जाए तो बीते दो हफ्ते में राजधानी के सियासी परिस्थितियों में अचानक आए बदलाव ने सियासी समीकरण को उलझा कर रख दिया है। इसके मद्देनजर अंतिम दौर में बदली परिस्थितियों में सभी दल अपनी अपनी रणनीति में बदलाव पर मजबूर हुए हैं। आप का चेहरा अरविंद केजरीवाल विक्टिम कार्ड खेल रहे हैं तो भाजपा पहले की तुलना में ज्यादा आक्रामक हुई है। अब भाजपा ने अपनी रणनीति में बदलाव कर लिया है। दूसरी तरफ अब तक शांत दिख रही कांग्रेस ने भी अचानक तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।

अब जबकि चुनाव प्रचार खत्म होने में महज 96 घंटे बचे हैं। दिल्ली का काउंटडाउन शुरू हो चूका है। ऐसे में राजनितिक दलों ने चुनाव प्रचार तेज करते हुए बदली सियासी परिस्थितियों में अपनी रणनीति का नए सिरे से आकलन शुरू कर दिया है। ऐसे मे अब दिल्ली के चुनावी रण में आज से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी एंट्री हो रही है। याद रहे दिल्ली में प्रधानमंत्री की दो रैली होनी हैं। पहली रैली आज शाहदरा के सीबीडी ग्राउंड में होगी। प्रधानमंत्री आज शाहदरा के सीबीडी ग्राउंड कड़कड़डूमा और कल द्वारका के सेक्टर-14 में सभा को संबोधित करेंगे। सभा के लिए ऐसा स्थल चुना है, जहां से दो संसदीय क्षेत्र की 20-20 विधानसभा तक मोदी का संदेश पहुंच जाए।
जबकि अगले दो दिनों में चार संसदीय क्षेत्रों के मतदाताओं और कार्यकर्ताओं से भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संपर्क अभियान जारी रहेगा । भाजपा सूत्रो की माने तो देश के गृह मंत्री अमित शाह की चुनावी सभाओं से भाजपा ने जमीन तैयार कर ली है। अब इसे पुख्ता करने में प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा महत्वपूर्ण साबित हो सकती है ।

