पंजाब विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की हार के बाद से गायब हुए पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह वापसी करते दिख रहे हैं। राज्य की राजनीति में उनके लौटने के कारण एक बार फिर पद को लेकर खींचतान होने के आसार नजर आने लगे हैं। दरअसल, पंजाब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू की भी समय से पहले रिहाई को लेकर चर्चाएं हैं, वहीं पूर्व सीएम चन्नी रणनीति बनाकर ही अपने दांव चल रहे हैं। इस बीच वे न केवल कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में जारी ‘भारत जोड़ो यात्रा’ में शामिल हुए, बल्कि उन्होंने प्रियंका गांधी, कांग्रेस के नए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से भी मुलाकात की है। इस मुलाकात के बाद संभावनाएं जताई जा रही हैं कि पार्टी उन्हें राज्य में बड़ी जिम्मेदारी दे सकती है। वहीं सिद्धू भी जल्दी पटियाला जेल से रिहा हो सकते हैं। जिससे पार्टी नेताओं को डर है कि चन्नी और सिद्धू की वापसी से एक बार फिर कई गुट तैयार हो जाएंगे। एक ओर जहां चन्नी सक्रिय नजर आ रहे हैं तो दूसरी तरफ कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं ने पटियाला जेल के दौरे बढ़ा दिए हैं। इन वरिष्ठ नेताओं की जेल में मौजूदगी ने भी इन अटकलों को हवा दी है कि पार्टी सिद्धू को बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि पंजाब कांग्रेस एक बार फिर अलग-अलग धड़ों में बंट सकती है।

You may also like

MERA DDDD DDD DD