दिल्ली विधानसभा चुनाव का ऐलान हो गया है। 5 फरवरी को मतदान होना है, वहीं नतीजे 8 फरवरी को जारी होंगे। एक ओर जहां सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने अपने सभी उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है, वहीं दूसरी तरफ भाजपा ने कुछ ही सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं। इस बीच खबर है कि बीजेपी पूर्व प्रवक्ता नूपुर शर्मा को टिकट दे सकती है। यहां तक चर्चा है कि नूपुर को कालकाजी सीट से टिकट मिल सकता है। सोशल मीडिया पर उनके नाम को लेकर कैम्पेन चल रहा है। वहीं कई लोगों ने तो उनको सीएम फेस बनाने की मांग भी कर डाली है। असल में पार्टी ने कालकाजी सीट से पूर्व सांसद रमेश बिधूड़ी को मैदान में उतारा है। प्रियंका गांधी और सीएम आतिशी पर विवादित बयान के बाद पार्टी के कालकाजी से उम्मीदवार बदलने की चर्चा जोरों पर है। हालांकि इस पर अंतिम फैसला पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति लेगी। गौरतलब है कि नूपुर शर्मा ने 2022 में एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर पर विवादित टिप्पणी की थी। इसके बाद विपक्ष समेत विदेशों से भी नूपुर शर्मा के खिलाफ आवाज उठी थी। बीजेपी ने बयान जारी कर कहा था कि पार्टी ऐसी किसी भी विचारधारा के खिलाफ है जो किसी धर्म या सम्प्रदाय का अपमान करती है। इसके बाद उन्हें पार्टी से निष्कासित कर दिया गया था। पार्टी से निलंबित होने के बाद नूपुर ने अपना बयान वापस लेने की घोषणा की थी। ऐसे में अब उनकी एंट्री दिल्ली विधानसभा चुनाव में हो सकती है।
दिल्ली चुनाव में नुपूर की एंट्री

