हरियाणा विधानसभा चुनाव में भले ही अभी एक साल का समय शेष है लेकिन नेताओं का दलबदल अभी से शुरू हो गया है। आया राम- गयाराम की राजनीति वाले प्रदेश हरियाणा में पैर जमाने की कोशिश में जुटी आम आदमी पार्टी को बड़ा झटका लगा है। ‘आप’ के चुनाव अभियान कमेटी के चेयरमैन अशोक तंवर ने पार्टी से इस्तीफा दे भाजपा में शामिल हो गए हैं। माना जा रहा है कि भाजपा उन्हें आगामी लोकसभा चुनाव में सिरसा से मैदान में उतार सकती है। गौरतलब है कि अशोक तंवर ने पिछले विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था, जिसके बाद उन्होंने तृणमूल कांग्रेस का दामन थामा था। जब अशोक तंवर कांग्रेस में थे तो उनकी गिनती राहुल गांधी के करीबी नेताओं में होती थी। कांग्रेस छोड़ने के बाद माना जा रहा था कि वे हरियाणा में अपनी पार्टी बनाने का ऐलान कर सकते हैं। लेकिन ऐसा नहीं हुआ और अप्रैल 2022 में उन्होंने आम आदमी पार्टी को अपना लिया था। उसके बाद आप संयोजक अरविंद केजरीवाल ने उन्हें हरियाणा चुनाव प्रचार अभियान समिति का अध्यक्ष बनाया था। ऐसे में जब कुछ महीने बाद लोकसभा का चुनाव होना है तो उनका पार्टी को छोड़ना आप को बड़े झटके के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि आम आदमी पार्टी के लिए हरियाणा में कुछ भी ठीक नहीं चल रहा है। साल के शुरुआत में ही पार्टी की हरियाणा इकाई की उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा अपने पिता निर्मल सिंह के साथ कांग्रेस का हाथ थाम चुकी हैं। इस तरह से अब तंवर के जाने से पार्टी को यह दूसरा झटका लगा है जो आगे भी देखने को मिल सकता है।
सिरसा से चुनाव लड़ेंगे तंवर

